MP Satta Racket: इमरान हाशमी की ‘जन्नत’ देखकर सट्टे की दुनिया में उतरे NEET छात्र, ऐसे बने बुकी
MP Satta Racket: सागर और भोपाल में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 2.96 करोड़ रुपये नकद और 30 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
.jpg)
ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश
MP Satta Racket: मध्य प्रदेश के सागर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान सागर और भोपाल से जुड़े आरोपियों के ठिकानों से करीब 2 करोड़ 96 लाख रुपये की नकदी और लगभग 30 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले की जांच उस वक्त शुरू हुई, जब एक पंचर बनाने वाले व्यक्ति के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रुपये के लेनदेन होने लगे। इतनी बड़ी रकम के ट्रांजैक्शन से परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू की।
बैंक ट्रांजैक्शन ने खोली सट्टा नेटवर्क की परतें
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों से जुड़े लेनदेन की पड़ताल की तो पैसों का कनेक्शन कई लोगों तक पहुंचता गया। जांच आगे बढ़ने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों के माध्यम से सट्टा खिलाने का काम करते थे। इसके लिए सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों का भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
किराए के बैंक खातों से चलता था पैसों का खेल
मामले की जांच में यह भी पता चला कि गिरोह कथित तौर पर ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें पैसों की जरूरत होती थी। आरोप है कि उन्हें कुछ रकम का लालच देकर उनके दस्तावेज हासिल किए जाते थे और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर लेनदेन किया जाता था। पुलिस को छोटे दुकानदारों और अन्य लोगों के बैंक खातों के इस्तेमाल के भी संकेत मिले हैं।
NEET की तैयारी कर रहे थे आरोपी
बता दें इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात गिरफ्तार आरोपियों की पृष्ठभूमि है। पुलिस पूछताछ में अमित विश्वकर्मा और ऋषभ पटेल के NEET की तैयारी करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि करीब 18 साल पहले रिलीज हुई अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म ‘जन्नत’ देखने के बाद वे सट्टेबाजी की दुनिया से प्रभावित हुए थे। कथित तौर पर फिल्म में दिखाए गए सट्टेबाजी के कारोबार से प्रभावित होकर उनके मन में बड़ा बुकी बनने का विचार आया। इसके बाद दोनों धीरे-धीरे ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क से जुड़ते चले गए।
डिजिटल सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस की कार्रवाई में करीब 2.96 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 30 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण भी जब्त किए गए हैं। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है। इसके जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
