सागर में शराब दुकान खोलने पहुंचे ठेकेदार, महिलाओं ने डंडे लेकर किया विरोध; दुकान दूसरी जगह शिफ्ट करने की रखी मांग
सागर के मछरयाई इलाके में शराब दुकान खोलने पहुंचे ठेकेदार का महिलाओं ने विरोध किया। डंडे लेकर पहुंचीं महिलाओं ने दुकान बंद कर दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की। 15 नवंबर को दुकान से शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ी थी, जिनमें एक की मौत हो गई।

शराब दुकान खोलने पहुंचे ठेकेदार का महिलाओं ने विरोध किया।
Sagar News: सागर के मछरयाई इलाके में शराब दुकान को लेकर सोमवार को एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। दुकान खोलने पहुंचे ठेकेदार और उनके कर्मचारियों को महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। शराब दुकान खुलती देख बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। कुछ महिलाएं हाथों में डंडे लेकर आईं और दुकान का संचालन रोकने की मांग करने लगीं। हंगामा बढ़ता देख ठेकेदार दुकान बंद कर वहां से चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और महिलाओं को समझाइश दी।
दुकान खुलने की खबर मिलते ही जुटीं महिलाएं
स्थानीय महिलाओं ने साफ कहा कि वे रिहायशी इलाके में शराब दुकान संचालित नहीं होने देंगी। उनका कहना है कि दुकान को किसी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना चाहिए। महिलाओं ने मौके पर विरोध जताते हुए दुकान बंद रखने की मांग की। विरोध और हंगामे के बीच ठेकेदार ने दुकान नहीं खोली और कर्मचारियों के साथ वहां से लौट गया। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर महिलाओं से बातचीत की और हालात को शांत कराया।
शराब पीने के बाद बिगड़ी थी दो लोगों की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, मछरयाई शराब दुकान को लेकर विवाद की वजह 15 नवंबर को हुई घटना है। दुकान से शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मछरयाई निवासी विष्णु खटीक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमलेश सोनी का इलाज जारी है। इस घटना के बाद से ही स्थानीय लोग शराब दुकान के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
दुकान हटाने का आश्वासन मिलने के बाद भी विरोध
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग तेज कर दी है। हालांकि, प्रशासन की ओर से दुकान हटवाने का आश्वासन दिया गया है। इसके बावजूद भी सोमवार को ठेकेदार के दुकान खोलने पहुंचने पर महिलाओं ने फिर विरोध शुरू कर दिया।






