UAE में बस और ट्रक की टक्कर से मचा कोहराम, 13 लोगों की हुई मौत; 14 घायल
UAE के रास अल खैमाह में मंगलवार तड़के यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 13 लोगों की मौत और 14 के घायल होने की खबर है। मृतकों में भारतीय भी शामिल हैं।

UAE बस हादसे में 13 की मौत
Deadly Bus-Truck Crash in UAE Claims 13 Lives: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। अल वतन रोड पर यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हालांकि, जान गंवाने वाले भारतीयों की वास्तविक संख्या को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई यात्रियों से भरी बस
सूत्रों के मुताबिक, बस में कुल 41 यात्री सवार थे। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा एक ट्रक बस की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। दुर्घटना के शुरुआती आकलन में 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। लेकिन अस्पताल में भर्ती घायलों में से दो अन्य लोगों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। हादसे में घायल 14 लोगों का उपचार किया जा रहा है।
भारतीय दूतावास ने संभाली जिम्मेदारी
बता दें, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए पुष्टि की है कि हादसे में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। दूतावास ने मृत भारतीयों के परिवारों से संपर्क साधा है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर पीड़ित परिवारों को जरूरी सहायता पहुंचाई जा रही है। दूतावास ने आपात स्थिति में मदद के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाली टोल-फ्री हेल्पलाइन भी शुरू की है। जरूरतमंद लोग 800-46342 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों की ओर से हादसे में प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
फुजैराह हादसे में भी गई थी 14 लोगों की जान
हालांकि, UAE में सड़क दुर्घटना का यह पहला बड़ा मामला नहीं है। इससे पहले फुजैराह में कई वाहनों की भिड़ंत के बाद गंभीर हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में 14 लोगों की जान गई थी, जिनमें चार भारतीय नागरिक भी थे। ताजा घटना ने एक बार फिर UAE में सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





