अजयगढ़ में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को बनाया निशाना, नकदी-जेवर समेटकर फरार; जंगल में मिले खाली बक्से
अजयगढ़ के खोए मोहल्ले में 15-16 नवंबर की रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और बर्तन चुरा लिए। चोर घरों से बक्से भी ले गए, जो बाद में जंगल में खाली मिले। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है।

अजयगढ़ में एक रात में दो घरों में चोरी हुई।
Ajaygarh Theft Case: अजयगढ़ थाना क्षेत्र के खोए मोहल्ले में चोरों ने एक ही रात में दो घरों के ताले तोड़कर लाखों की नकदी, जेवर और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद चोर घरों से बक्से भी उठा ले गए, जिन्हें बाद में जंगल में खाली हालत में बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।
आधी रात के बाद दो घरों में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात चोरों ने सबसे पहले जागेश्वर बसोर, पिता संतोष बसोर के घर को निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर बदमाश करीब 20 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और बर्तन लेकर निकल गए। इसके बाद चोरों ने पास में रहने वाले राजेश, पिता मिंटू के घर में भी सेंध लगाई। यहां से 2 हजार रुपए नकद, सोने का एक जेवर, चांदी की पायल और दूसरे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जंगल में मिले घर से गायब बक्से
बता दें, वारदात के दौरान चोर दो से तीन बक्से भी अपने साथ ले गए थे। सुबह तलाशी के दौरान ये बक्से घरों से कुछ दूरी पर जंगल में पड़े मिले। हालांकि, उनमें रखा सामान गायब था। इससे आशंका है कि चोरों ने जंगल में ही बक्से खोलकर कीमती सामान निकाल लिया।

पुलिस ने शुरू की जांच
वहीं, सुबह चोरी का पता चलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देख रही है, ताकि संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पीड़ित परिवारों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने और चोरी हुआ सामान वापस दिलाने की मांग की है।





