टीकमगढ़ में ‘वाहेगुरु-सतनाम’ के जयकारों से गूंजे रास्ते, केसरिया पगड़ी और निशान साहिब के साथ निकली प्रभातफेरी
टीकमगढ़ में गुरु नानक जयंती पर प्रभातफेरी, गुरुवाणी पाठ और लंगर का आयोजन हुआ। जयकारों और सेवा के बीच श्रद्धालुओं ने पर्व मनाया।


टीकमगढ़ में गुरु नानक जयंती पर गूंजे वाहेगुरु के जयकारे
टीकमगढ़ में मंगलवार को गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। सुबह सिंधी गुरुद्वारा से निकली प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। किसी के सिर पर केसरिया पगड़ी थी तो किसी के हाथ में निशान साहिब। रास्तेभर ‘वाहेगुरु’ और ‘सतनाम’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने प्रभातफेरी के जरिए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और सेवा के संदेश को याद किया।
महिलाओं ने झाड़ू लगाकर दिया सेवा का संदेश
प्रभातफेरी में आगे चल रही महिलाओं ने रास्ते में झाड़ू लगाकर सफाई की। इसके बाद श्रद्धालु भजन और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा में शामिल लोगों ने गुरु नानक देव जी के विचारों को याद किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया।
गुरुद्वारे में गूंजे गुरुवाणी और शबद कीर्तन
नायकों का मोहल्ला स्थित गुरुद्वारे के साथ सिंधी धर्मशाला में भी सुबह से गुरुवाणी पाठ और कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शबद कीर्तन गाकर गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं को याद किया। वक्ताओं ने उनके संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ को जीवन में अपनाने की बात कही।
दोपहर में लंगर, शाम को महिलाएं और बच्चे देंगे प्रस्तुति
दोपहर 2 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। सिंधी धर्मशाला समिति के सदस्य दीपक खत्री ने बताया कि शाम 7:30 से रात 10 बजे तक महिलाएं और बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद रात 10 बजे से तुलसीदास भगत और महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा।
फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाए गए गुरुद्वारे
गुरु नानक जयंती के अवसर पर सिंधी धर्मशाला और गुरुद्वारे को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। पूरे आयोजन में श्रद्धालु भक्ति के साथ सेवा और गुरु नानक देव जी के संदेशों को याद कर रहे हैं।

.jpg&w=3840&q=75)



