छतरपुर में परीक्षा के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, दूसरे की जगह पेपर दे रहे पकड़े गए 4 लोग
छतरपुर के महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान दूसरे विद्यार्थियों की जगह पेपर दे रहे चार लोग पकड़े गए। इनमें तीन युवक और एक युवती हैं।

महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर
Chhatarpur News: छतरपुर के महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान पहचान बदलकर शामिल होने का मामला सामने आया है। यहां चार लोग दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर प्रश्नपत्र हल करते पकड़े गए। इनमें तीन युवक और एक युवती शामिल हैं। विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम ने प्रवेश पत्र पर लगी तस्वीर और परीक्षा देने पहुंचे लोगों के चेहरों का मिलान किया तो गड़बड़ी उजागर हुई। प्रशासन ने चारों के खिलाफ UFM (नकल प्रकरण) दर्ज कर उन्हें सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंप दिया है।
तस्वीर से खुला फर्जी परीक्षार्थी का मामला
जानकारी के अनुसार, परीक्षा की पहली पाली में विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम अलग-अलग कक्षों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान आलेख भवन में एक परीक्षार्थी की पहचान को लेकर संदेह हुआ। उसके प्रवेश पत्र पर लगी फोटो और सामने बैठे व्यक्ति के चेहरे में अंतर दिखाई दिया। जब जांच की गई तो पता चला कि वह वास्तविक परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था।
तीन अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से मिले चार लोग
बता दें, पहले मामले का खुलासा होने के बाद उड़नदस्ता टीम ने दूसरे परीक्षा कक्षों में भी जांच तेज कर दी। इस दौरान कर्मशाला में दो और न्यू जूलॉजी हॉल में एक व्यक्ति संदिग्ध पहचान के साथ परीक्षा देते मिला। पहले पकड़े गए व्यक्ति को मिलाकर कुल चार लोग पकड़ में आए। इनमें तीन युवक और एक युवती हैं।
सभी के खिलाफ UFM केस दर्ज
उड़नदस्ता टीम के संयोजक और वनस्पति शास्त्र के प्रोफेसर डॉ. पी.एल. प्रजापति ने बताया कि प्रवेश पत्र की फोटो और परीक्षा दे रहे लोगों के चेहरे का मिलान करने पर गड़बड़ी सामने आई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चारों के खिलाफ अनुचित साधन उपयोग यानी UFM के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में सामने आएंगे असली परीक्षार्थियों के नाम
फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे किन परीक्षार्थियों की जगह पेपर देने आए थे। साथ ही, इस फर्जीवाड़े में उनकी मदद करने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परीक्षा में दूसरे की पहचान का इस्तेमाल करने की साजिश किसने रची थी।



