2029 चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी, CM मोहन यादव ने फैसले को बताया अहम
महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को कैबिनेट मंजूरी मिलने के बाद CM मोहन यादव ने 2029 चुनाव से पहले लागू करने की योजना का जिक्र किया।

2029 से पहले महिला आरक्षण
महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में केंद्र सरकार ने नया कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस फैसले का स्वागत किया।
2029 से पहले प्रावधान लागू करने की तैयारी
सीएम मोहन यादव ने बताया कि केंद्र सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रस्तावित व्यवस्था को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। इसके लिए नए परिसीमन आयोग के गठन और आरक्षित सीटों के रोटेशन का प्रावधान भी किया गया है।
संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण
प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा। मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने वाला फैसला बताया।
लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि
विधेयक में लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी शामिल है। इससे अलग-अलग क्षेत्रों और वर्गों को संसद में प्रतिनिधित्व देने का दायरा बढ़ाने की उम्मीद है।
पीएम मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने देश की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल लोकतंत्र और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती दे सकती है।



