छतरपुर में छात्राओं का फूटा गुस्सा, मनचलों की शिकायत लेकर SP ऑफिस पहुंचे 150 विद्यार्थी
छतरपुर में कोचिंग सेंटरों के आसपास युवकों की कथित हरकतों से परेशान 150 से ज्यादा छात्र-छात्राएं एसपी कार्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों ने पांच युवकों के नाम देकर शिकायत की।


छतरपुर में विद्यार्थियों का प्रदर्शन
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में कोचिंग सेंटरों के आसपास युवकों की कथित अभद्र हरकतों से परेशान छात्र-छात्राओं ने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी बात रखी। बुधवार को 150 से ज्यादा विद्यार्थी कोचिंग छोड़कर एसपी कार्यालय पहुंचे। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पांच युवकों के नाम की शिकायत सौंपी और कोचिंग क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। एसपी ने मामले की जांच और पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
तेज आवाज में बाइक दौड़ाने और फब्तियां कसने का आरोप
छात्राओं का कहना है कि सिंचाई कॉलोनी इलाके में शाम 5:30 से रात 8 बजे तक कई कोचिंग सेंटरों में कक्षाएं चलती हैं। इसी दौरान कुछ युवक बुलेट और दूसरी बाइकों से वहां चक्कर लगाते हैं। वे तेज रफ्तार में बाइक चलाने के साथ साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकालते हैं। सात ही रास्ते से गुजरते समय उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी करते हैं। ऐसी गतिविधियों से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है।
डेढ़ महीने से परेशान थे विद्यार्थी
प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि यह समस्या करीब डेढ़ महीने से बनी हुई है। इससे पहले कोचिंग संचालकों ने भी सिविल लाइन थाने में शिकायत दी थी। हालांकि, विद्यार्थियों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को एक छात्रा तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। इस घटना के बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया।
शिकायत में पांच युवकों के नाम सौंपे
बता दें, एसपी कार्यालय पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी लिखित शिकायत में पीयूष जैन, अंशुमन यादव, मयंक चतुर्वेदी, सारांश साहू और आयुष समेत कुछ अन्य युवकों के नाम दिए हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि ये युवक नियमित रूप से कोचिंग सेंटरों के आसपास घूमते हैं और छात्राओं को परेशान करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि कोचिंग से निकलने वाली छात्राओं के पीछे बाइक से जाने की घटनाएं आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं।
एसपी ने पुलिस गश्त बढ़ाने के दिए निर्देश
वहीं, विद्यार्थियों की शिकायत पर एसपी रजत सकलेचा ने संज्ञान लिया। उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को शाम के समय कोचिंग सेंटरों के आसपास नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिकायत में जिन युवकों के नाम दिए गए हैं, उनकी भूमिका की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा है।





.jpg&w=3840&q=75)