पन्ना में खुलेगी हीरों की अनोखी दुनिया, कोहिनूर की प्रतिकृति से लेकर शाही गहनों तक ये होगा खास
पन्ना में 19.39 करोड़ रुपए की लागत से देश का पहला डायमंड म्यूजियम विकसित किया जाएगा। इसकी 10 गैलरियों में मशहूर हीरों की प्रतिकृतियां, खनन का इतिहास और कटिंग-पॉलिशिंग की प्रक्रिया दिखाई जाएगी। वहीं डायमंड पार्क की 126 औद्योगिक इकाइयों से 10 हजार रोजगार मिलने की उम्मीद है।

ऐतिहासिक यादवेंद्र क्लब की इमारत
Panna Diamond Museum: मध्यप्रदेश का पन्ना अब सिर्फ हीरों की खदानों के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में भी अपनी पहचान बनाने जा रहा है। यहां ऐतिहासिक यादवेंद्र क्लब की इमारत में देश का पहला और दुनिया का दूसरा डायमंड म्यूजियम विकसित करने की योजना है। इस प्रोजेक्ट पर 19.39 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम इस पुरानी इमारत को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पर्यटकों के लिए तैयार करेगा। म्यूजियम में कुल 10 गैलरियां होंगी, जहां हीरों की उत्पत्ति, उनकी खोज, खनन की परंपरा और ऐतिहासिक महत्व को अलग-अलग माध्यमों से दिखाया जाएगा।
हीरे का सफर देख सकेंगे पर्यटक
बता दें, इस म्यूजियम की खासियत यह होगी कि यहां हीरे को सिर्फ एक कीमती रत्न के तौर पर नहीं, बल्कि उसकी पूरी निर्माण और प्रसंस्करण यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। पर्यटक खदानों में इस्तेमाल होने वाले औजारों, चट्टानों के नमूनों और हीरे की गुणवत्ता जांचने की तकनीकों के बारे में जान सकेंगे। गैलरियों में बुंदेला राजवंश की ऐतिहासिक विरासत के साथ यह भी बताया जाएगा कि चिकित्सा, कांच की कटाई और कंप्यूटर जैसे क्षेत्रों में हीरों का उपयोग किस तरह होता है। इसके अलावा प्राकृतिक और कृत्रिम हीरों के बीच अंतर समझने तथा उनकी कीमत तय करने की प्रक्रिया की जानकारी भी मिलेगी।
10 हिस्सों में दिखेगी हीरों की अलग-अलग दुनिया
म्यूजियम को 10 विषय आधारित हिस्सों में बांटने की योजना है। हर गैलरी में हीरे से जुड़ी एक अलग जानकारी और अनुभव मिलेगा।
- खनन की शुरुआत: पहली गैलरी में पन्ना की खदानों के मॉडल और पुराने खनन उपकरण प्रदर्शित होंगे।
- दुनिया के मशहूर हीरे: दूसरी गैलरी में कोहिनूर और टिफनी जैसे चर्चित हीरों की प्रतिकृतियां रखी जाएंगी।
- बुंदेला इतिहास: तीसरे हिस्से में राजवंश की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत दिखाई जाएगी।
- औद्योगिक इस्तेमाल: चौथी गैलरी में चिकित्सा, ग्लास कटिंग और कंप्यूटर उद्योग में हीरों की उपयोगिता समझाई जाएगी।
- चमक और गुणवत्ता: पांचवें हिस्से में प्रकाश के प्रभाव और हीरे की गुणवत्ता से जुड़ी जानकारियां मिलेंगी।
- चट्टानों की पहचान: छठी गैलरी में किम्बरलाइट चट्टानों के नमूने प्रदर्शित किए जाएंगे।
- असली-नकली हीरे की पहचान: सातवें हिस्से में मूल्यांकन, नीलामी और सिंथेटिक हीरों की पहचान बताई जाएगी।
- तराशने की कला: आठवीं गैलरी में हीरों की कटिंग और पॉलिशिंग की प्रक्रिया दिखाई जाएगी।
- शाही आभूषण: नौवें हिस्से में प्रसिद्ध हीरों और उनसे तैयार किए गए गहनों का प्रदर्शन होगा।
- वर्चुअल अनुभव: दसवीं गैलरी में डिजिटल तकनीक के जरिए पर्यटक शाही आभूषण पहनने का आभासी अनुभव ले सकेंगे और तस्वीरें भी ले पाएंगे।
डायमंड पार्क से उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
जानकारी के अनुसार, पन्ना में पर्यटन के साथ ही हीरा कारोबार को विस्तार देने की तैयारी भी चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल 'विरासत भी और विकास भी' के तहत जनकपुर में 12.50 हेक्टेयर क्षेत्र में डायमंड पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके निर्माण पर 12.65 करोड़ रुपए खर्च होने का प्रस्ताव है। इस पार्क में 126 औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना है। इन इकाइयों में हीरों को तराशने, उनकी पॉलिशिंग और अन्य प्रसंस्करण से जुड़े काम किए जाएंगे। परियोजना से लगभग 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। डायमंड म्यूजियम और पार्क को मिलाकर दोनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 32 करोड़ रुपए है। इनसे पन्ना में पर्यटन के साथ स्थानीय उद्योगों को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
पांच साल में 415 हीरे जिला कार्यालय में जमा
पन्ना का हीरों से रिश्ता काफी पुराना है। जिला हीरा कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों के दौरान यहां 938 कैरेट वजन के कुल 415 हीरे जमा कराए गए। इनकी अनुमानित कीमत 11.92 करोड़ रुपए है। जिले में फिलहाल 269 उथली हीरा खदानें मौजूद हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) की ओर से भी यहां खनन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।




