छतरपुर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, बुजुर्ग की मौत:; 10 लोग घायल
छतरपुर के वधियन गांव में तीन बीघा जमीन की जुताई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में करीब 10 लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय रघुबर यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अब मामले में हत्या से जुड़ी धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

छतरपुर में जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत।
Chhatarpur Land Dispute: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया। राजनगर थाना क्षेत्र के वधियन गांव में रविवार को तीन बीघा जमीन पर जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हुए थे। इनमें गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग रघुबर यादव ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।
खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, इमिलिया पंचायत के वधियन गांव में तीन बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे एक पक्ष के लोग विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे, फरसे और कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
दोनों पक्षों के लोगों को आई चोटें
बता दें, इस संघर्ष में एक पक्ष के रघुबर यादव (65), चतुर यादव (55), रामप्रताप यादव (35), सोहन यादव (40), लखन यादव (35) और गोरी बाई (60) घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष के भी चार लोग चोटिल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। यहां गंभीर हालत में भर्ती रघुबर यादव की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद विवाद ने अब गंभीर आपराधिक मामले का रूप ले लिया है।
ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश का भी आरोप
साथ ही, घायल रामप्रताप और सोहन यादव ने दूसरे पक्ष के कोमल यादव, वीरेंद्र यादव, रंधावा उर्फ प्रेमदास यादव, रामबाबू यादव और नितेश यादव समेत अन्य लोगों पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि विवाद के दौरान धारदार हथियारों से हमला किया गया। इसके अलावा ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश किए जाने की बात भी शिकायत में सामने आई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटना से जुड़े वीडियो की जांच कर रही है।
बुजुर्ग की मौत के बाद बढ़ीं धाराएं
घटना की जानकारी मिलते ही राजनगर थाना पुलिस गांव पहुंची थी। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है। छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद प्रकरण में धाराओं का इजाफा किया जा रहा है। पुलिस को घटना से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। इनके साथ दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





.jpg&w=3840&q=75)