Chhatarpur News: मंदिर में आपत्तिजनक हरकत से रोका तो पुजारियों से की मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
छतरपुर के प्राचीन हनुमान टौरिया मंदिर में पुजारी से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
.jpg)
छतरपुर मंदिर में पुजारियों के साथ ही गई मारपीट
Chhatarpur News: छतरपुर के प्रसिद्ध हनुमान टौरिया मंदिर में पुजारी के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। आरोप है कि मंदिर परिसर के बाहर सीढ़ियों पर एक युवक एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था। मंदिर के पुजारी रोहित त्रिपाठी ने उसे वहां ऐसा करने से मना किया। तो नाराज युवक ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद उसने फोन कर अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया।
पुजारी के साथ की मारपीट
जानकारी अनुसार, मौके पर पहुंचे युवकों ने पुजारी रोहित त्रिपाठी और मुख्य पुजारी राजू महाराज के साथ मारपीट की। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे एक CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
वहीं घटना की जानकारी मंदिर परिसर की ओर से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
रात में असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की नजर
नगर पुलिस अधीक्षक अरुण सोनी ने कहा कि मंदिर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्राथमिकता है। साथ ही कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रात के समय मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जमा होने वाले लोगों को लेकर भी चेतावनी दी।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निगरानी बढ़ाए जाने की संभावना है।