CM मोहन यादव का शहडोल को बड़ा तोहफा, 357 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात; नए इंडस्ट्रियल पार्क का ऐलान
शहडोल में नया इंडस्ट्रियल पार्क, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। ब्यौहारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 357.71 करोड़ रुपए के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। अगले महीने 4 हजार करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।

CM ने 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
Shahdol Set for Industrial Growth: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले को औद्योगिक विकास के साथ आधुनिक शैक्षणिक और सांस्कृतिक सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले में नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की घोषणा की। इसके अलावा शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले महीने करीब 4 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर कार्यक्रम की शुरुआत
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद आदि पूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत लगाई गई प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की परंपराओं, रहन-सहन, सांस्कृतिक विरासत और वीरता की कहानियों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस राज्य स्तरीय आयोजन में मध्य प्रदेश के अलावा देश के करीब 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
82 विकास कार्यों पर खर्च होंगे 357.71 करोड़ रुपए
बता दें, मुख्यमंत्री ने जिले में अलग-अलग विभागों के तहत तैयार और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। कुल 82 कार्यों में से 10 परियोजनाएं पूरी होने पर जनता को समर्पित की गईं, जबकि 72 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में 10 हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ भी दिए गए। स्वामित्व योजना के तहत संजीव गोंड, रतन गोंड और नंदलाल गोंड को प्रमाण पत्र सौंपे गए। स्वरोजगार योजना के हितग्राही जग्गू बैगा को 20 लाख रुपए की सहायता का चेक दिया गया। वहीं, वनाधिकार अधिनियम के तहत नवगांव के जनकधारी सिंह और मनीष सिंह गोंड को अधिकार पत्र प्रदान किए गए। आजीविका मिशन के अंतर्गत कविता कोल और गुड़िया कोल को 3-3 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक दिए गए।
कटनी-सिंगरौली फोरलेन समेत कई सड़कों की घोषणा
साथ ही, सीएम ने क्षेत्र में आवागमन बेहतर बनाने के लिए कई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपए की लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क और हनुमान मंदिर तक पहुंचने के लिए 13 करोड़ रुपए की सड़क शामिल है। मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाने की भी घोषणा की गई। इसके साथ ही संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार तैयार करने और हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम शहडोल भेजने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में विकास योजनाएं बनाते समय किसी भी क्षेत्र को नजरअंदाज न किया जाए।
दो लाख सरकारी पदों पर भर्ती का लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती कर चुकी है। आने वाले समय में दो लाख नए पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शहडोल में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम जनमन, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए इन इलाकों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में करीब 1500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही ब्रिटिश शासन को चुनौती दी और जल, जंगल तथा जमीन के अधिकारों के लिए जनजातीय समाज को एकजुट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने वीर बूदु भगत और मदारा महतो सहित जनजातीय समाज के अन्य नायकों के संघर्ष का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, जनजातीय गौरव सप्ताह की शुरुआत जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के स्मरण के साथ हुई। इसके बाद धार में करीब 1400 करोड़ रुपए की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई।
नक्सलवाद खत्म करने और ग्रामीण परिवहन सुधारने का दावा
सीएम मोहन ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश ने नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए हैं। शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जैसे क्षेत्रों में अब विकास की गतिविधियों को गति दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा दोबारा शुरू करने की बात भी कही। साथ ही वन अधिकार पट्टाधारकों को नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ देने और ग्रामीण आबादी की संपत्तियों के पंजीयन का लक्ष्य बढ़ाने की जानकारी दी। साथ ही प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने, बिजली की उपलब्धता बेहतर करने और पशुपालन को प्रोत्साहन देने के प्रयास जारी हैं। सरकार का लक्ष्य किसानों और पशुपालकों को सहकारी समितियों के माध्यम से उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना है।
कार्यक्रम में विधायक शरद कोल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी से जनजातीय समाज में उत्साह बढ़ा है। वहीं, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सिंगरौली से कटनी रेलमार्ग को लेकर मुख्यमंत्री का आभार जताया।



