कभी मंत्री तो कभी नेता प्रतिपक्ष रहे गोपाल भार्गव ने किया संन्यास का ऐलान, जानिए उनका पूरा राजनीतिक सफर
सागर जिले के रहली से 9 बार विधायक चुने गए गोपाल भार्गव ने कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद राजनीति छोड़ने की बात कही है। करीब 28 गांवों के 11,700 किसानों को इस परियोजना से लाभ मिलने का अनुमान है। भार्गव इसे अपने राजनीतिक जीवन का अंतिम लक्ष्य बता रहे हैं।

गोपाल भार्गव ने संन्यास का ऐलान किया।
Sagar News: मध्यप्रदेश की सियासत में लंबे समय से सक्रिय गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। रहली विधानसभा सीट से लगातार 9 चुनाव जीतने वाले भार्गव ने साफ किया कि कोपरा सिंचाई परियोजना का काम पूरा होते ही वे राजनीति से विदाई ले लेंगे। क्षेत्र के विकास से जुड़ा यह उनका आखिरी बड़ा सपना है, जिसे पूरा कराने के बाद वे सक्रिय राजनीति में नहीं रहना चाहते। यह बात उन्होंने मंगलवार को सागर जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में स्वास्थ्य केंद्र भवन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कही। बुधवार को उनके संबोधन का वीडियो सामने आने के बाद उनके संन्यास को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
कोपरा बांध को बताया अपने राजनीतिक जीवन का आखिरी लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान गोपाल भार्गव ने बताया कि रहली क्षेत्र में विकास के कई काम पूरे हो चुके हैं, लेकिन कोपरा सिंचाई परियोजना का निर्माण अभी उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि परियोजना से जुड़ी पुरानी अड़चनें भी अब दूर हो गई हैं। बांध तैयार होने के बाद इलाके में खेती-किसानी की स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा। इस परियोजना का लाभ केवल रहली तक सीमित नहीं रहेगा। रोन-कुमराई से लेकर पथरिया और दमोह के आसपास के क्षेत्रों में भी किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस सुविधा से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा के किसानों जैसी खुशहाली का सपना
पूर्व मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कोपरा परियोजना से करीब 20 से 25 हजार किसान परिवारों के जीवन में समृद्धि आ सकती है। उनका सपना है कि रहली क्षेत्र के किसानों को भी खेती के जरिए वैसी ही आर्थिक मजबूती मिले, जैसी पंजाब और हरियाणा के किसानों की पहचान रही है। उन्होंने इस परियोजना को अपने राजनीतिक जीवन की अंतिम बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए संकेत दिया कि बांध का निर्माण पूरा होने के बाद वे चुनावी राजनीति से अलग हो जाएंगे।
28 गांवों के 11,700 किसानों को मिल सकता है लाभ
बता दें, कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने पर 24,686 एकड़ से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। इसके दायरे में रहली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 28 गांव आएंगे। परियोजना से करीब 11,700 किसानों को सीधे फायदा पहुंचने की संभावना है। सिंचाई की बेहतर व्यवस्था होने से किसानों को फसलों के लिए बारिश पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। साथ ही कृषि उत्पादन बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के अवसर भी मिल सकते हैं। यही कारण है कि स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नौ बार पहुंचे विधानसभा
गोपाल भार्गव का जन्म 1 जुलाई 1952 को सागर जिले के गढ़ाकोटा में हुआ था। उनका सार्वजनिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ। 1970 से 1973 के बीच वे सागर विश्वविद्यालय के छात्रसंघ में सक्रिय रहे। इसके बाद 1980 से 1982 तक गढ़ाकोटा नगरपालिका के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 1985 में उन्होंने पहली बार रहली विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 1990, 1993, 1998, 2003, 2008, 2013, 2018 और 2023 में भी जीत दर्ज की। इस तरह वे लगातार नौ बार रहली से विधायक चुने गए।
मंत्री से नेता प्रतिपक्ष तक संभाली अहम जिम्मेदारियां
भार्गव ने वर्ष 2003 में उमा भारती के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री के रूप में काम शुरू किया। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान की सरकारों में उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सहकारिता और लोक निर्माण विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय सौंपे गए। वर्ष 2019 में कमलनाथ सरकार के दौरान वे मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने और 2020 तक इस पद पर रहे। दिसंबर 2023 में उन्हें विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया।




