दमोह में 10 साल का छात्र चार दिन से लापता, तलाश के बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
दमोह जिले के गूडा गांव में 10 वर्षीय अभिषेक अहिरवार चार दिन से लापता है। वह 10 नवंबर की शाम घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक गायब हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने कई जगह तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। अब परिवार ने SP कार्यालय पहुंचकर बच्चे को खोजने की गुहार लगाई है।

लापता छात्र और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर बैठे परिजन
Damoh News: दमोह जिले के गूडा गांव में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला 10 वर्षीय अभिषेक अहिरवार चार दिन से लापता है। बच्चा 10 नवंबर को घर के पास खेलते समय अचानक गायब हो गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने गांव से लेकर जंगल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परेशान परिजन अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और बच्चे को जल्द खोजने की मांग की।
घर के सामने खेल रहा था बच्चा
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक अहिरवार दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के गूडा गांव का रहने वाला है। वह पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। 10 नवंबर को शाम करीब 6 बजे वह घर के पास खेल रहा था। कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह आसपास कहीं नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने ग्रामीणों की मदद से आसपास के इलाकों और गांवों में खोजबीन शुरू की। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अभिषेक का कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन परिजनों ने तेजगढ़ थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
अब तक नहीं मिला कोई सुराग
बता दें, बच्चे के लापता होने के बाद ग्रामीणों ने जंगल में भी उसकी तलाश की। इसके अलावा बस स्टैंड और दमोह रेलवे स्टेशन पर भी खोजबीन की गई। परिवार के लोग लगातार संभावित स्थानों पर बच्चे की जानकारी जुटाने में लगे हैं, लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
SP कार्यालय पहुंचे परिजन
वहीं, बच्चे का पता नहीं चलने से चिंतित परिजन शनिवार दोपहर ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के नाम ज्ञापन सौंपकर अभिषेक को जल्द खोजने की मांग की। अभिषेक के परिजन पंचम अहिरवार ने बताया कि परिवार और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी वजह से वे पुलिस अधिकारियों से मदद मांगने पहुंचे हैं। परिजनों ने बच्चे को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।
थाना प्रभारी बोले- लगातार की जा रही तलाश
तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह लोधी के मुताबिक, अभिषेक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल बच्चे के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।




