ट्रेन में अब नहीं मिलेगी आधी सीट! रेलवे में खत्म हो सकती है RAC टिकट की सुविधा, जानें क्या होगा असर
भारतीय रेलवे में RAC टिकट की सुविधा खत्म करने पर विचार किए जाने की चर्चा है। डिजिटल रिजर्वेशन और HHT सिस्टम के चलते खाली सीटों का आवंटन आसान हुआ है। हालांकि, रेलवे ने अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया है। RAC व्यवस्था 1983-84 में शुरू हुई थी।


रेलवे में RAC पर बड़ा बदलाव
Indian Railways RAC Ticket: भारतीय रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए RAC टिकट की व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो सकता है। रेलवे के डिजिटल रिजर्वेशन और टिकट चेकिंग सिस्टम को देखते हुए इस सुविधा को खत्म करने पर विचार किए जाने की चर्चा है। हालांकि, रेलवे की ओर से RAC व्यवस्था बंद करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। मौजूदा व्यवस्था में RAC टिकट पर दो यात्रियों को एक ही साइड लोअर बर्थ साझा करनी पड़ती है और दोनों से पूरा किराया लिया जाता है।
डिजिटल सिस्टम से बदल गई सीट आवंटन की प्रक्रिया
बता दें, पहले रेलवे का रिजर्वेशन और टिकट चेकिंग सिस्टम पूरी तरह आपस में जुड़ा नहीं था। ऐसे में RAC यात्रियों को ट्रेन में जगह उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था उपयोगी मानी जाती थी। अब टीटीई के पास हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) मशीन होती है, जो रेलवे के केंद्रीय सर्वर से जुड़ी रहती है। इस सिस्टम के जरिए टीटीई ट्रेन में नहीं पहुंचे यात्रियों की जानकारी दर्ज कर सकता है। किसी कन्फर्म टिकट वाले यात्री के सफर नहीं करने पर उसकी सीट खाली होने की जानकारी सिस्टम में अपडेट की जाती है। इसके बाद उपलब्ध सीट को आगे के स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए करंट बुकिंग के तहत जारी किया जा सकता है।
2016 में बढ़ाई गई थीं RAC यात्रियों के लिए बर्थ
रेलवे ने साल 2016 में RAC यात्रियों के लिए आरक्षित बर्थ की संख्या में बढ़ोतरी की थी। इसका उद्देश्य अधिक यात्रियों को सफर के दौरान जगह उपलब्ध कराना था।
- स्लीपर क्लास: हर कोच में RAC के लिए साइड लोअर बर्थ की संख्या 5 से बढ़ाकर 7 की गई थी। इससे 10 की जगह 14 यात्रियों को जगह मिलने लगी।
- थर्ड AC: RAC बर्थ की संख्या 2 से बढ़ाकर 4 की गई, जिससे 8 यात्रियों के लिए व्यवस्था हुई।
- सेकंड AC: RAC के लिए आरक्षित बर्थ 2 से बढ़ाकर 3 की गईं। इससे 4 की जगह 6 यात्रियों को जगह मिलने लगी।
RAC टिकट पर पूरा किराया लेने का मुद्दा भी चर्चा में
RAC व्यवस्था को लेकर यात्रियों की एक बड़ी शिकायत यह रही है कि उन्हें पूरी बर्थ के बजाय साझा सीट मिलती है, लेकिन किराया पूरा देना पड़ता है। वहीं, 2015 में टिकट रद्द करने के नियमों में बदलाव के बाद ट्रेन में नहीं पहुंचने वाले यात्रियों के टिकट पर रिफंड से जुड़े प्रावधान भी बदल गए थे। 4 फरवरी 2026 को लोकसभा में पेश संसदीय लोक लेखा समिति की रिपोर्ट में भी RAC यात्रियों से जुड़े किराये के मुद्दे पर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया था कि चार्ट तैयार होने के बाद भी पूरी बर्थ नहीं मिलने वाले RAC यात्रियों से पूरा किराया लेना उचित नहीं है और उन्हें कुछ राशि वापस देने पर विचार होना चाहिए। हालांकि, ऑनलाइन और रेलवे काउंटर से बुक किए गए टिकटों के लिए रिफंड की व्यवस्था लागू करना रेलवे के सामने एक चुनौती हो सकती है।
1983-84 में शुरू हुई थी RAC व्यवस्था
RAC यानी रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन की शुरुआत 1983-84 में तत्कालीन रेल मंत्री एबीए गनी खान चौधरी के कार्यकाल में हुई थी। इसका मकसद वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को भी ट्रेन में सफर का मौका देना था। इस व्यवस्था के तहत एक बर्थ पर दो RAC यात्रियों को जगह दी जाती है। फिलहाल वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में RAC की सुविधा नहीं दी गई है। हालांकि, दूसरी ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू है। अब डिजिटल टिकटिंग और सीट आवंटन प्रणाली में बदलाव के बीच RAC के भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है।



-1.jpeg&w=3840&q=75)

