नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह को लगाया गले, भारत ने नेपाल को दी 3 बड़ी सौगातें; जानें बैठक में क्या निकले नतीजे?
नेपाल के PM बालेन शाह का दिल्ली में PM मोदी ने स्वागत किया। दोनों नेताओं की बैठक में आर्थिक पैकेज, कांडला और पारादीप पोर्ट तक पहुंच और अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने ऊर्जा, व्यापार और परिवहन सहयोग बढ़ाने पर भी विचार किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में नेपाली PM बालेन शाह से मुलाकात की।
Modi-Balen Shah Bilateral Meeting: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को भारत के दौरे पर दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीयता भी देखने को मिली और उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया। स्वागत समारोह में रेड कार्पेट बिछाया गया और बालेन शाह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद दोनों प्रधानमंत्री हैदराबाद हाउस पहुंचे, जहां भारत और नेपाल के संबंधों को लेकर अहम बातचीत हुई। इस बैठक का मुख्य एजेंडा दोनों पड़ोसी देशों के बीच आर्थिक साझेदारी, व्यापारिक सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना रहा। बातचीत में नेपाल की विकास संबंधी जरूरतों से लेकर समुद्री व्यापार के रास्ते खोलने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तक कई विषय शामिल रहे।
पशुपतिनाथ का प्रसाद लेकर आए बालेन, मोदी ने सौंपा गंगाजल
बता दें, भारत यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने पारंपरिक और सांस्कृतिक महत्व वाले उपहारों का आदान-प्रदान भी किया। बालेन शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को लकड़ी से बना एक विशेष डिब्बा भेंट किया। इसमें रुद्राक्ष, शालिग्राम और चंदन रखे गए थे। इसे पशुपतिनाथ मंदिर से जुड़ा प्रसाद बताया गया। इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को गंगाजल से भरा कलश उपहार में दिया। वहीं, नेपाल दूतावास की तरफ से भी मोदी को मछिंद्रनाथ से संबंधित एक भेंट दी गई। इन सौगातों के जरिए दोनों देशों की साझा धार्मिक विरासत और सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की झलक देखने को मिली।
बैठक में इन तीन मुद्दों पर रहा खास फोकस
मोदी और बालेन शाह की बातचीत में आर्थिक सहायता, व्यापारिक संपर्क और रेल कनेक्टिविटी से जुड़े प्रस्तावों को प्रमुखता मिली। इन मुद्दों का सीधा संबंध नेपाल की विकास योजनाओं और भारत के साथ उसके आर्थिक जुड़ाव से है।
1. नेपाल के विकास कार्यों के लिए आर्थिक सहायता
भारत की ओर से नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज उपलब्ध कराने की चर्चा हुई है। इसका मकसद पड़ोसी देश की विकास परियोजनाओं और पुनर्निर्माण से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है। खासतौर पर बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। हालांकि, इस पैकेज की वास्तविक राशि और आवंटन की प्रक्रिया को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
2. नेपाल के व्यापार के लिए खुलेंगे दो भारतीय बंदरगाहों के रास्ते
समुद्री व्यापार को आसान बनाने के लिए भारत ने नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप पोर्ट तक पहुंच देने पर सहमति जताई है। इससे नेपाल को सामान के आयात और निर्यात के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे। नेपाल की ओर से गुजरात स्थित मुंद्रा बंदरगाह तक पहुंच देने का प्रस्ताव भी रखा गया था, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी। कांडला और पारादीप तक पहुंच मिलने से नेपाल के व्यापारिक परिवहन में नई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं।
3. अयोध्या से जनकपुर तक जुड़ेगा रेल मार्ग
भारत और नेपाल के धार्मिक संबंधों को रेल नेटवर्क के जरिए और मजबूत करने की योजना है। इसके तहत अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। इस सेवा का नाम 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। ट्रेन की नियमित आवाजाही 28 नवंबर से शुरू होगी। इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बिजली परियोजनाओं से लेकर सड़क संपर्क तक पर बातचीत
जानकारी के अनुसार, द्विपक्षीय बैठक का दायरा केवल इन तीन प्रस्तावों तक सीमित नहीं रहा। दोनों देशों ने ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने और जलविद्युत परियोजनाओं को आगे ले जाने पर भी चर्चा की। इसके अलावा सड़क और रेल नेटवर्क के विस्तार, निवेश के अवसर, व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आधारभूत ढांचे के विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। नेपाल में बाढ़ से प्रभावित इलाकों के पुनर्विकास और वहां जरूरी सुविधाओं को दोबारा खड़ा करने में भारत की संभावित मदद का विषय भी बातचीत में शामिल रहा। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रहे ऊर्जा और व्यापारिक सहयोग को आगे बढ़ाना भी इस मुलाकात का अहम हिस्सा रहा।
प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह का पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा
नेपाल की सत्ता संभालने के बाद बालेन शाह का यह पहला द्विपक्षीय विदेशी दौरा है। भारत को अपनी पहली यात्रा के लिए चुनना दोनों देशों के आपसी संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, पारिवारिक संबंध, धार्मिक आस्था, व्यापार और रोजगार के मजबूत संपर्क हैं। दोनों देश ऊर्जा और परिवहन के क्षेत्र में भी एक-दूसरे के सहयोगी रहे हैं। ऐसे में बालेन शाह की इस यात्रा से पहले से मौजूद साझेदारी को आगे बढ़ाने और नए सहयोग के रास्ते तैयार करने पर जोर दिया गया।







