MP में 27% OBC आरक्षण पर फिर जगी उम्मीद, सुप्रीम कोर्ट में सरकार की याचिका को मिला नियमित नंबर
मध्य प्रदेश में 27% OBC आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सरकार की कानूनी लड़ाई आगे बढ़ी है। याचिका की सभी 13 तकनीकी खामियां दूर होने के बाद 17 नवंबर को नियमित SLP नंबर मिल गया। अब सरकार को हाईकोर्ट के फैसले पर स्टे मिलने का इंतजार है।
MP में 27% OBC आरक्षण पर SC में सुनवाई का रास्ता साफ
MP Reservation News: मध्य प्रदेश में 27 फीसदी OBC आरक्षण को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। राज्य सरकार की याचिका को नियमित नंबर मिलने के बाद मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया का रास्ता खुल गया है। खास बात यह है कि याचिका में सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री की ओर से बताई गई सभी 13 तकनीकी आपत्तियों का निराकरण कर दिया गया है।
13 आपत्तियां दूर होने के बाद मिली नियमित पहचान
बता दें, मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के फैसले को चुनौती देते हुए 16 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की थी। शुरुआत में इसे डायरी नंबर 65767/2026 के तहत दर्ज किया गया था। याचिका की शुरुआती जांच में सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने दस्तावेजों से जुड़ी 13 कमियां चिह्नित की थीं। इनमें कागजातों की पेजिंग, दस्तावेजों की अस्पष्ट प्रतियां, तारीखों में अंतर और आवश्यक हस्ताक्षरों से संबंधित आपत्तियां शामिल थीं। सरकार की ओर से सभी प्रक्रियागत कमियों को ठीक कर दोबारा दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसके बाद 17 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को नियमित नंबर SLP (C) 040141/2026 आवंटित कर दिया। इससे अब मामले को आगे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाने का रास्ता खुल गया है।
हाईकोर्ट के फैसले से 14% पर सिमटा था आरक्षण
जानकारी के मुताबिक, ओबीसी आरक्षण का यह विवाद साल 2019 में शुरू हुआ था। तत्कालीन सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की सीमा 14 फीसदी से बढ़ाकर 27 फीसदी करने का निर्णय लिया था। इसके लिए मध्य प्रदेश में संबंधित कानून में संशोधन किया गया था। इस फैसले को अदालत में चुनौती दी गई। मामले की लंबी सुनवाई के बाद 9 अक्टूबर 2026 को जबलपुर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 27 फीसदी आरक्षण से जुड़े 2019 के संशोधन को असंवैधानिक ठहराते हुए निरस्त कर दिया था। अदालत ने प्रदेश में OBC आरक्षण को फिर से 14 फीसदी तक सीमित रखने का निर्देश दिया था। फैसले में कुल आरक्षण की 50 फीसदी सीमा को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया।
सरकार को सुप्रीम कोर्ट से किस राहत की उम्मीद?
फिलहाल, हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। सरकार की कोशिश है कि हाईकोर्ट के फैसले पर अंतरिम रोक यानी स्टे मिल सके। यदि सुप्रीम कोर्ट सरकार को अंतरिम राहत देता है, तो 27 फीसदी OBC आरक्षण की व्यवस्था को लेकर आगे का रास्ता बदल सकता है। इसका प्रभाव सरकारी नौकरियों में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं और आरक्षण के कारण लंबित नियुक्तियों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, अभी सुप्रीम कोर्ट की ओर से केवल याचिका को नियमित नंबर दिया गया है। आरक्षण की पुरानी व्यवस्था बहाल करने या हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने का कोई फैसला फिलहाल नहीं हुआ है।
87-13 फॉर्मूले पर भी रहेगा कानूनी फैसले का असर
इस विवाद का एक महत्वपूर्ण पहलू 87-13 फीसदी का फॉर्मूला भी है। हाईकोर्ट ने लंबित भर्तियों को आगे बढ़ाने के लिए 87 फीसदी पदों और शेष 13 फीसदी पदों से जुड़ी व्यवस्था पर निर्देश दिए थे। फैसले के तहत 13 फीसदी पदों को अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से भरने और लंबित चयन प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता बनाया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट में सरकार की याचिका पर होने वाली सुनवाई से इस व्यवस्था की आगे की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।




