भारत पहुंचे पाक मंत्री मुसादिक मलिक ने रिश्तों पर जताई नई आस, आतंकवाद के मुद्दे पर नहीं खोले पत्ते
SCO फोरम में शामिल होने दिल्ली पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार की उम्मीद जताई। सिंधु जल संधि पर भारत ने अपना रुख दोहराया।

पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक
Pakistan Minister Musadik Malik: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तल्खी के बीच पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा और उनके बयानों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने पहुंचे मलिक ने दोनों देशों के संबंधों में आगे चलकर सुधार की संभावना जताई। उन्होंने बदलते वैश्विक हालात का हवाला देते हुए क्षेत्रीय देशों के बीच बातचीत और सहयोग को जरूरी बताया। दूसरी ओर, आतंकवाद के मुद्दे पर पूछे गए सवाल का उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया।
भारत-पाक रिश्तों को लेकर क्या बोले मुसादिक मलिक?
मीडिया से बातचीत के दौरान पाकिस्तानी मंत्री से पूछा गया कि क्या SCO का यह मंच भारत और पाकिस्तान के संबंधों को नई दिशा देने में मददगार साबित हो सकता है। इस पर मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में सभी देशों के आपसी रिश्तों में बेहतरी आएगी। उन्होंने मौजूदा दौर को बदलाव का समय बताते हुए कहा कि क्षेत्र की राजनीतिक और भू-राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। ऐसे माहौल में देशों को सिर्फ राजनीतिक मतभेदों तक सीमित रहने के बजाय बातचीत के व्यापक रास्ते तलाशने चाहिए। मलिक के मुताबिक, आपसी संवाद और सहयोग से क्षेत्रीय मुद्दों पर आगे बढ़ने की संभावनाएं बन सकती हैं।
साझा इतिहास और संस्कृति को बताया जोड़ने वाला सूत्र
SCO के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम पर बात करते हुए मलिक ने इसे विभिन्न देशों को सांस्कृतिक स्तर पर करीब लाने वाला मंच बताया। उनका कहना था कि संस्कृति और सभ्यताओं का दायरा राजनीतिक सरहदों से कहीं बड़ा होता है। उन्होंने भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच मौजूद पुरातात्विक साक्ष्यों का उल्लेख किया। मलिक के अनुसार, इन क्षेत्रों के इतिहास में आपसी संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के प्रमाण मिलते हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजन को एक-दूसरे की विरासत और साझा अतीत को समझने का अवसर बताया।
आतंकवाद पर पूछे गए सवाल को अगले दिन के बयान पर छोड़ा
बता दें, बातचीत के दौरान जब मुसादिक मलिक से सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं पर पाकिस्तान का पक्ष पूछा गया, तो उन्होंने इस मुद्दे पर तत्काल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वह अगले दिन अपना बयान देंगे और उसके बाद इस विषय पर काफी चर्चा होगी।
सिंधु जल संधि पर भारत का रुख बरकरार
इस बीच, सिंधु जल संधि को लेकर भारत के रुख पर विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर स्थिति साफ की है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस संधि पर भारत की स्थिति पहले ही स्पष्ट की जा चुकी है और उसमें कोई बदलाव नहीं आया है।



-1.jpeg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)

