पंचायत सीजन 5 में सचिवजी और भूषण के बीच होगी नई जंग, जानें OTT पर कब दस्तक देगा शो
पंचायत सीजन 5 का ऐलान हो गया है। जितेंद्र कुमार की यह लोकप्रिय वेब सीरीज 3 दिसंबर से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। नए सीजन में मंजूदेवी की प्रधान पद पर जिम्मेदारी, भूषण की सक्रियता और सचिवजी के साथ उनकी खींचतान कहानी को नया मोड़ देगी।

पंचायत के मेकर्स ने रिलीज डेट के साथ वेब सीरीज का पोस्टर भी जारी किया।
Panchayat Season 5 Release Date: फुलेरा गांव में एक बार फिर सियासी उठापटक और मजेदार किस्सों का दौर शुरू होने वाला है। प्राइम वीडियो ने लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज डेट घोषित कर दी है। जितेंद्र कुमार स्टारर यह शो 3 दिसंबर को स्ट्रीम होगा। इस बार कहानी में गांव की नई सत्ता व्यवस्था के साथ सचिवजी और प्रधानपति भूषण के बीच टकराव देखने को मिल सकता है। नए सीजन में मंजूदेवी प्रधान की जिम्मेदारी संभालेंगी, लेकिन पर्दे के पीछे उनके पति भूषण की सक्रियता भी कहानी को दिलचस्प बनाएगी। वहीं, अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिवजी के सामने गांव की राजनीति और स्थानीय लोगों की समस्याओं से निपटने की चुनौती होगी। फुलेरा के पुराने किरदारों के बीच इस बार नए समीकरण बनते दिखाई देंगे।
पांच सीजन पूरे करने वाली दूसरी भारतीय वेब सीरीज बनेगी पंचायत
बता दें, पंचायत का पांचवां सीजन रिलीज होते ही यह भारतीय OTT की चुनिंदा वेब सीरीज में शामिल हो जाएगी। इसके साथ ही यह पांच सीजन पूरे करने वाली देश की दूसरी सीरीज बन जाएगी। इससे पहले TVF की दूसरी चर्चित पेशकश ‘गुल्लक’ यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है। पारिवारिक रिश्तों पर आधारित इस शो का पहला सीजन 2019 में आया था और यह सोनी लिव पर स्ट्रीम होता है।
जितेंद्र कुमार समेत पूरी पुरानी टीम की वापसी
सूत्रों के मुताबिक, सीजन 5 में दर्शकों को फुलेरा के जाने-पहचाने चेहरे फिर नजर आएंगे। अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में जितेंद्र कुमार दिखाई देंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपनी भूमिकाएं निभाएंगे। सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। दीपक कुमार मिश्रा इसके निर्देशक हैं। वहीं, शो की रचना में दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार रॉय और अरुणाभ कुमार की भूमिका रही है।
पंचायत 2 के नाम दर्ज है IFFI का पहला OTT सम्मान
इस सीरीज ने लोकप्रियता के साथ पुरस्कारों की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई है। नवंबर 2023 में गोवा में आयोजित 54वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में ‘पंचायत 2’ को सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज का पहला OTT पुरस्कार मिला था। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, इस पुरस्कार की दौड़ में 15 OTT प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध 10 भाषाओं की कुल 32 सीरीज शामिल थीं। इनमें से चार सीरीज को अंतिम चरण के लिए चुना गया था।
चौथे सीजन को 180 से ज्यादा देशों में देखा गया
पंचायत के चौथे सीजन ने भी दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ साबित की थी। प्राइम वीडियो के अनुसार, रिलीज के पहले सात दिनों में इसे 180 से अधिक देशों में देखा गया। इसके अलावा 42 से ज्यादा देशों में यह प्लेटफॉर्म की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रहा। भारत में इसकी पहुंच 95 प्रतिशत से ज्यादा पिन कोड तक दर्ज की गई थी। प्लेटफॉर्म ने इसे फ्रेंचाइजी का अब तक का सबसे बड़ा ओपनिंग सीजन बताया था।
प्राइम वीडियो और TVF ने साझा की नई सीजन को लेकर उम्मीदें
पांचवें सीजन की घोषणा पर प्राइम वीडियो इंडिया के SVOD कंटेंट एक्विजिशन डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी ने कहा कि कुछ कहानियां दर्शकों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ जाती हैं और पंचायत ऐसी ही एक सीरीज है। उन्होंने पांचवें सीजन की वापसी को शो की लोकप्रियता और दर्शकों के साथ बने मजबूत रिश्ते का प्रतीक बताया। वहीं, TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि फुलेरा के किरदारों को दर्शकों से लगातार मिल रहे प्यार ने टीम का उत्साह बढ़ाया है। नए सीजन में किरदारों के रिश्तों में बदलाव, नई चुनौतियां और अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिलेंगे।





