सागर में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया शिफ्टिंग का भरोसा
सागर के मछरयाई में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने राम दरबार लेकर प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंदिर और बच्चियों के रास्ते के पास दुकान होने पर आपत्ति जताई। प्रशासन ने एक महीने में दुकान शिफ्ट करने का लिखित आश्वासन दिया।


आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना।
Sagar Liquor Shop Protest: मध्य प्रदेश के सागर स्थित मछरयाई इलाके में शराब दुकान को रहवासी क्षेत्र से हटाने की मांग तेज हो गई है। बुधवार को स्थानीय महिलाएं राम दरबार लेकर दुकान के बाहर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। विरोध जताते हुए महिलाओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकान को एक महीने के भीतर दूसरी जगह स्थानांतरित करने का लिखित भरोसा दिया। इसके बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
मंदिर और बच्चियों के रास्ते के पास दुकान होने पर जताई नाराजगी
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि शराब दुकान घनी आबादी के बीच संचालित हो रही है। इसके आसपास मंदिर भी है और इसी रास्ते से स्कूल जाने वाली बच्चियां समेत कई महिलाएं रोजाना गुजरती हैं। दुकान के आसपास शराब पीने वालों की आवाजाही के कारण स्थानीय लोगों को असहजता और असुरक्षा महसूस होती है। महिलाओं ने साफ कहा कि वे अपने इलाके में शराब दुकान नहीं चलने देंगी और इसे दूसरी जगह ले जाने की मांग पर कायम रहेंगी।
व्यक्ति की मौत के बाद बढ़ा स्थानीय लोगों का विरोध
मछरयाई में शराब दुकान के खिलाफ नाराजगी 14 नवंबर की घटना के बाद और बढ़ गई थी। जानकारी के मुताबिक, दुकान के बाहर शराब पीने के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद रहवासियों ने दुकान हटाने की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया। लगातार प्रदर्शन के चलते पिछले तीन दिनों से दुकान भी नहीं खुल पा रही थी।
अधिकारियों के लिखित भरोसे के बाद खत्म हुआ धरना
बुधवार को महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस, आबकारी विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांग सुनी। बातचीत के बाद एक महीने के भीतर शराब दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करने का लिखित आश्वासन दिया गया। भरोसा मिलने के बाद महिलाओं ने धरना समाप्त कर दिया। इसके साथ ही चार दिन से बंद पड़ी दुकान बुधवार को फिर खुल सकी। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की तय समयसीमा में होने वाली कार्रवाई पर है।




