'हे प्रभु, आंखों में भर दो रोशनी...', सुनील लोधी का इलाज शुरू; फैंस से की दुआओं की अपील
फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से लोकप्रिय हुए गायक सुनील लोधी की आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। CM मोहन यादव के निर्देश पर सागर में उनकी जांच कराई गई। सुनील ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फैंस से दुआओं की अपील की है।


सुनील लोधी का इलाज शुरू
Singer Sunil Lodhi Eye Treatment: फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से पहचान बनाने वाले लोक गायक सुनील लोधी के लिए उम्मीद की नई किरण जगी है। उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सागर में उनकी मेडिकल जांच कराई गई। सुनील ने अस्पताल से तस्वीरें और वीडियो साझा कर प्रशंसकों से दुआ करने की अपील की है।
इलाज शुरू होने पर सुनील ने जताई उम्मीद
बता दें, सुनील लोधी ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर अस्पताल की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके साथ उन्होंने बताया कि उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस खबर के साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी साझा किया।
सुनील ने लिखा कि मुश्किल समय में ईश्वर ने हमेशा उन्हें हिम्मत दी है। अब उन्हें उम्मीद है कि इलाज से उनकी जिंदगी में भी रोशनी लौट सकती है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि वह एक बार फिर इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं।
गायक ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से भी उनके लिए दुआ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और आशीर्वाद उनके लिए बड़ी ताकत है। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अस्पताल में हुई जांच, रिपोर्ट का इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, सुनील ने बुधवार को एक और वीडियो साझा किया। इसमें वह आंखों के अस्पताल में नजर आए। वीडियो के जरिए उन्होंने बताया कि उनकी जांच की रिपोर्ट उसी दिन मिलने वाली है। रिपोर्ट आने के बाद ही आंखों की मौजूदा स्थिति और आगे के इलाज को लेकर तस्वीर साफ होगी। फिलहाल सुनील और उनके प्रशंसकों को जांच के नतीजों का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर आगे के उपचार की दिशा तय करेंगे।
CM मोहन यादव के निर्देश पर सागर में हुई जांच
सुनील लोधी के इलाज को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से पहल की गई है। 'बुंदेली दुनिया' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उनकी स्वास्थ्य जांच और आंखों की विस्तृत जांच कराई गई। इसके बाद सुनील ने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री के निर्देश और कलेक्टर की पहल के बाद उनके उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से मिली पहचान
सुनील लोधी को इस साल रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' के भक्ति गीत 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से बड़ी पहचान मिली। उनकी आवाज में गाए इस भजन को श्रोताओं ने पसंद किया और वह संगीत प्रेमियों के बीच चर्चा में आए। दृष्टिबाधित होने के बावजूद सुनील ने अपनी गायकी के दम पर पहचान बनाई है। अब उनके इलाज की शुरुआत से उनके चाहने वालों में उम्मीद जगी है।

-2.jpg&w=3840&q=75)

