'बहुत रह लिया बेटा बनकर...' पंकज-अदिति की जोड़ी लेकर आ रही कॉमेडी और सस्पेंस का तड़का, जानिए कब रिलीज होगी 'पारिवारिक मनुरंजन'?
पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की फिल्म 'पारिवारिक मनुरंजन' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कहानी में रंजन दुबे के घर हाउस मैनेजर बनकर आईं हेलेन अचानक गायब हो जाती हैं, जिसके बाद पुलिस की एंट्री से रहस्य गहराता है। फिल्म 13 नवंबर 2026 को Sony LIV पर आएगी।


'पारिवारिक मनुरंजन' का ट्रेलर रिलीज
Parivarik Manuranjan Trailer Release: पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की नई फिल्म 'पारिवारिक मनुरंजन' का ट्रेलर सामने आ गया है। शुरुआत में कहानी एक कुंवारे शख्स की घरेलू जिंदगी में आए बदलावों के साथ आगे बढ़ती है। लेकिन कुछ ही देर में पुलिस की दस्तक और हाउस मैनेजर के अचानक लापता होने से मामला दिलचस्प हो जाता है। करीब दो मिनट के इस ट्रेलर में हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ रहस्य की परतें भी दिखाई गई हैं।
रंजन दुबे की जिंदगी में हुई हेलेन की एंट्री
'पारिवारिक मनुरंजन' में पंकज त्रिपाठी रंजन दुबे के किरदार में नजर आएंगे। रंजन अपने घर के कामकाज को संभालने के लिए एक हाउस मैनेजर ढूंढ रहे हैं। उनकी तलाश ऐसे व्यक्ति की है, जो खाना बनाने से लेकर घर की साफ-सफाई तक की जिम्मेदारी उठा सके। इसके बदले रहने और खाने की सुविधा भी दी जाएगी।
तभी अदिति राव हैदरी की एंट्री हेलेन के रूप में होती है। हेलेन घर की कमान संभाल लेती है और रंजन की रोजमर्रा की जिंदगी भी बदलने लगती है। दोनों के बीच सहज बातचीत और घर में होने वाली हलचल ट्रेलर को मजेदार शुरुआत देती है।
हेलेन की मौजूदगी बनी मोहल्ले में चर्चा
बता दें, हेलेन के रंजन के घर रहने की बात आसपास के लोगों के लिए हैरानी का विषय बन जाती है। मोहल्ले में उसकी मौजूदगी को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगती हैं। रंजन के लिए सब कुछ ठीक चल रहा होता है, तभी कहानी में पुलिस की एंट्री हो जाती है।
पुलिस रंजन से पूछती है कि क्या मन्नू जोशी नाम की महिला उनके घर में रहती है। इस सवाल के बाद ट्रेलर का अंदाज बदलने लगता है और दर्शकों के मन में हेलेन की पहचान को लेकर कई सवाल खड़े हो जाते हैं।
हेलेन के अचानक लापता होने से उलझी कहानी
ट्रेलर के अगले हिस्से में हेलेन को किसी से छिपकर फोन पर बात करते हुए दिखाया गया है। इसके बाद वह अचानक गायब हो जाती है। रंजन और मोहल्ले के लोग उसकी तलाश में पुलिस के पास पहुंचते हैं। पुलिस की पूछताछ के बीच यह सवाल भी सामने आता है कि हेलेन अपने साथ कुछ सामान लेकर गई है या नहीं।
इस पूरे घटनाक्रम में रंजन का बदला हुआ अंदाज भी देखने को मिलता है। उनका डायलॉग, 'बहुत रह लिया बेटा बनकर, अब अल्फा बनने का वक्त आ गया है', ट्रेलर में कॉमेडी का एक अलग रंग जोड़ता है।
वरुण वी. शर्मा ने संभाली फिल्म की कमान
जानकारी के अनुसार, फिल्म का निर्देशन वरुण वी. शर्मा ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा बृजेंद्र काला, अली अब्बास जफर और वरुण वी. शर्मा ने मिलकर लिखी है, जबकि संवाद बृजेंद्र काला ने तैयार किए हैं।
पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी के अलावा बृजेंद्र काला भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को विनोद भानुशाली, कमलेश भानुशाली, हिमांशु किशन मेहता और एलिसिया जफर ने प्रोड्यूस किया है। अली अब्बास जफर इस प्रोजेक्ट से क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं।
13 नवंबर को Sony LIV पर आएगी फिल्म
मेकर्स ने बताया कि फिल्म 13 नवंबर 2026 को OTT प्लेटफॉर्म Sony LIV पर स्ट्रीम होगी। ट्रेलर में रंजन और हेलेन की कहानी को कॉमेडी और रहस्य के साथ पेश किया गया है। अब फिल्म की रिलीज के बाद ही पता चलेगा कि हेलेन की असली पहचान क्या है और उसके अचानक गायब होने की वजह क्या है।



