टीकमगढ़ में शराब दुकान पर फायरिंग, बदमाशों ने सेल्समैन को बनाया निशाना; बोतलें लूटकर फरार
टीकमगढ़ के मोहनगढ़ रोड स्थित सरकारी शराब दुकान पर हथियारबंद बदमाशों ने सेल्समैन पर फायरिंग कर शराब की बोतलें लूट लीं। घटना CCTV में कैद हुई है। सेल्समैन बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों और हथियार की तलाश में जुट गई है।
.jpg&w=3840&q=75)
सांकेतिक तस्वीर
Tikamgarh Crime News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में मोहनगढ़ रोड स्थित सरकारी शराब दुकान पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। रात करीब 9 बजे हुई वारदात में आरोपियों ने दुकान के सेल्समैन पर रिवॉल्वर से फायरिंग की और इसके बाद शराब की बोतलें लेकर फरार हो गए। गोलीबारी में सेल्समैन बाल-बाल बच गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अचानक दुकान पर पहुंचे हथियारबंद बदमाश
जानकारी के मुताबिक, शिवराजपुर गांव निवासी कुलदीप यादव कुछ साथियों के साथ मोहनगढ़ रोड स्थित सरकारी शराब दुकान पर पहुंचा था। दुकान पर पहुंचते ही बदमाशों ने सेल्समैन को निशाना बनाकर गोली चला दी। फायरिंग के बाद आरोपी दुकान के अंदर घुसे और वहां रखी शराब की बोतलें लेकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से दुकान में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गोली सेल्समैन को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
वहीं, यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फायरिंग के बाद आरोपी किस रास्ते से मौके से निकले और उनके साथ कितने लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा
बता दें, वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुख्य आरोपी कुलदीप यादव को रात करीब 2 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि, इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई शराब की बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश भी कर रही है।
शराब दुकानों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
टीकमगढ़ में शराब दुकान पर हुई इस वारदात ने दुकान के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हथियार लेकर बदमाशों के दुकान तक पहुंचने और फायरिंग के बाद शराब लूटकर भागने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ाई है।





