20 कलाकारों से सजी 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर जारी, ससुराल में घर बसाएंगे आयुष्मान खुराना
सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। आयुष्मान खुराना और शर्वरी की इस कहानी में शादी के बाद प्रेम पूरे परिवार के साथ पत्नी के घर रहने पहुंचता है। फिल्म में अनुपम खेर समेत करीब 20 कलाकार नजर आएंगे। यह फैमिली एंटरटेनर 27 नवंबर को रिलीज होगी।

'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर लांच
Ye Prem Mol Liya Trailer: बॉलीवुड में पारिवारिक कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक सूरज बड़जात्या अपनी नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। 18 नवंबर को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया। इस मौके पर आयुष्मान खुराना, शर्वरी समेत फिल्म की करीब 20 सदस्यीय स्टारकास्ट मौजूद रही।
फिल्म में आयुष्मान एक बार फिर दर्शकों के सामने 'प्रेम' के किरदार में दिखाई देंगे। हालांकि, इस बार उनकी प्रेम कहानी में एक ऐसा मोड़ है, जो शादी के बाद रहने के पारंपरिक तौर-तरीकों को ही बदल देता है। ट्रेलर में रोमांस, पारिवारिक ड्रामा और कॉमेडी का दिलचस्प मेल देखने को मिला है। कहानी में आयुष्मान का किरदार अपनी प्रेमिका शर्वरी की पारिवारिक जिम्मेदारियों को समझते हुए शादी के बाद एक अनोखा फैसला करता है। वह पत्नी को अपने घर लाने के बजाय खुद पूरे परिवार के साथ उसके घर रहने पहुंच जाता है। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
शादी के मंडप से शुरू होती है प्रेम कहानी
बता दें, फिल्म की झलक आयुष्मान और शर्वरी की शादी के दृश्य से शुरू होती है। इसके बाद कहानी उनके रिश्ते के उन पहलुओं को सामने लाती है, जहां प्यार के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां भी अहम हो जाती हैं। ट्रेलर में शर्वरी का परिवार एक अलग सामाजिक ढांचे में नजर आता है। उनके घर में सिर्फ महिलाएं हैं और परिवार की पूरी व्यवस्था उन्हीं के सहारे चलती है। ऐसे में शर्वरी के लिए शादी के बाद अपना घर छोड़कर पति के साथ जाना आसान नहीं होता। परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियां प्रेम कहानी के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर आती हैं। यहीं से फिल्म का दिलचस्प मोड़ शुरू होता है। कहानी दिखाती है कि जब दो लोग एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला करते हैं, तो उन्हें सिर्फ अपने रिश्ते ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के परिवार और जिम्मेदारियों को भी समझना पड़ता है।
पत्नी के घर बसाएंगे अपना संसार
फिल्म का सबसे अनोखा पहलू आयुष्मान खुराना का फैसला है। शर्वरी की परिस्थितियों को देखते हुए प्रेम शादी के बाद अपने ससुराल में रहने का विकल्प चुनता है। खास बात यह है कि वह अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार को लेकर शर्वरी के घर पहुंचता है। इसके बाद शुरू होती है दो परिवारों के एक साथ रहने की कहानी। अलग-अलग सोच, आदतों और रहन-सहन के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश में कई मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं। घर के भीतर होने वाली छोटी-छोटी नोकझोंक फिल्म को कॉमेडी का रंग देती है, वहीं भावनात्मक पल रिश्तों की अहमियत भी समझाते हैं।
अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक समेत कई दिग्गज कलाकार आएंगे नजर
'ये प्रेम मोल लिया' की स्टारकास्ट भी इसकी खासियत है। आयुष्मान और शर्वरी के अलावा फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक कपूर, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे, सौम्या टंडन, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार जैसे कलाकार नजर आएंगे। करीब 20 कलाकारों से सजी इस फिल्म में अलग-अलग पीढ़ियों के किरदारों को एक साथ पेश किया गया है। यही वजह है कि कहानी सिर्फ प्रेमी जोड़े तक सीमित नहीं रहती, बल्कि दोनों परिवारों के रिश्तों और उनके बीच बनने वाले नए समीकरणों को भी जगह देती है।
'ऊंचाई' के बाद निर्देशन में वापसी कर रहे सूरज बड़जात्या
सूरज बड़जात्या लंबे समय से पारिवारिक मनोरंजन वाली फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। 'ये प्रेम मोल लिया' के जरिए वह अपनी पिछली फिल्म 'ऊंचाई' के बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। 'ऊंचाई' को राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। इस फिल्म के लिए उन्होंने एक बार फिर संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ काम किया है। इससे पहले दोनों 'प्रेम रतन धन पायो' में साथ आ चुके हैं। फिल्म के प्रमोशन में शामिल गाना 'झुमका पटोला' भी चर्चा में है, जिसे श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

.jpg&w=3840&q=75)


