पिता के साथ बाइक पर निकली 18 साल की भारती की मौत, टक्कर मारकर फरार हुआ चालक
मध्य प्रदेश के अमानगंज में रामपुर रोड बाईपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय भारती चौधरी की मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके पिता अनाड़ी चौधरी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 साल की भारती की मौत
Road Accident in Amanganj: मध्य प्रदेश के अमानगंज में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय भारती चौधरी की जान चली गई, जबकि उनके पिता अनाड़ी चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी रामपुर रोड बाईपास पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पीछे से आए वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोर्ट निवासी अनाड़ी चौधरी अपनी बेटी भारती के साथ मोटरसाइकिल से शिरी गांव जा रहे थे। इसी दौरान अमानगंज के रामपुर रोड बाईपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण पिता-पुत्री सड़क पर गिर पड़े और भारती को गंभीर चोटें आईं। हादसे में भारती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक फरार
बता दें, दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर अमानगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल अनाड़ी चौधरी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और भारती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
CCTV फुटेज से वाहन की तलाश
वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



