नियाग्रा वॉटरफॉल थीम, झूले और देसी पकवान... भोपाल उत्सव मेले में इस बार होंगे खास आकर्षण
34वें भोपाल उत्सव मेले में नियाग्रा वॉटरफॉल थीम, रोमांचक झूले, पारंपरिक व्यंजन और खरीदारी के स्टॉल आकर्षण होंगे। मेला करीब 45 दिन चलेगा।

भोपाल मेले की नियाग्रा थीम
भोपाल के टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में 34वें भोपाल उत्सव मेले की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। करीब 45 दिनों तक चलने वाले इस मेले में मनोरंजन, खानपान और खरीदारी के कई विकल्प मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन भोपाल की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और शहर के लोगों को आपस में जोड़ने का काम करता है।
इस बार नियाग्रा वॉटरफॉल थीम पर सजावट
मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि इस बार परिसर को नियाग्रा वॉटरफॉल थीम पर सजाया गया है। युवाओं के लिए रोमांचक झूले और बच्चों के लिए अलग-अलग राइड्स लगाई गई हैं। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी होंगे। इसके अलावा हस्तशिल्प, परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और दूसरे उत्पादों की दुकानें भी सजाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने की भगवान गणेश की पूजा
उद्घाटन समारोह से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव मेले में बने भगवान श्रीगणेश के मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाली पांच हस्तियों को सम्मानित भी किया।
मेले सामाजिक मेलजोल और सद्भाव का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल उत्सव मेले की शुरुआत रमेश अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल और सुधीर अग्रवाल ने की थी। तब से यह आयोजन लगातार आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, मेले में अलग-अलग समुदायों के लोग एक साथ आते हैं, जिससे सामाजिक प्रेम और सद्भाव मजबूत होता है। ऐसे आयोजन व्यापार और व्यवसाय को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और शहरवासियों को बधाई दी।
पांच विशिष्ट नागरिकों को किया गया सम्मानित
विधायक भगवानदास सबनानी ने समारोह में पांच लोगों को सम्मानित किया। इनमें सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय बैरागढ़ के अध्यक्ष हीरो ज्ञानचंदानी, दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी, बैरागढ़ व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल इसरानी, समग्र अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील गर्ग और रोटरी क्लब भोपाल हिल्स के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार गुप्ता शामिल हैं।
शहर के कई प्रमुख लोग कार्यक्रम में पहुंचे
उद्घाटन समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पार्षद आरती अनेजा और ऊषा खरे मौजूद रहे। मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल, अशोक गुप्ता, सुनील जैनाविन, अजय सोगानी और अनुपम अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भी समारोह में शामिल हुए।


