चारों शंकराचार्यों को उज्जैन में मिलेगा अपना ठिकाना, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताई सरकार की मंशा
उज्जैन में चारों शंकराचार्य पीठों के लिए अलग-अलग स्थायी परिसर विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रृंगेरी शंकर मठ के समारोह में इसकी जानकारी दी। सिंहस्थ-2028 से पहले धार्मिक सुविधाओं और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है।
उज्जैन में श्रृंगेरी शंकर मठ के महोत्सव में CM मोहन यादव शामिल हुए।
MP News: महाकाल की नगरी उज्जैन में अब धार्मिक परंपराओं को स्थायी स्वरूप देने की तैयारी है। राज्य सरकार की योजना है कि देश की चारों शंकराचार्य पीठों के लिए शहर में अलग-अलग स्थान विकसित किए जाएं। इससे चारों पीठों के प्रमुख जब भी उज्जैन आएं, उनके ठहरने और धार्मिक गतिविधियों के लिए निर्धारित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम ढेंढिया में आयोजित श्रृंगेरी शंकर मठ के समारोह में इस योजना की जानकारी दी।
शंकराचार्य से मुलाकात के बाद सीएम ने बताई योजना
बता दें, गुरुवार को श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें अंगवस्त्र और फल भेंट किए। मठ में मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, गणेश, कार्तिक स्वामी, हनुमान और नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए विशेष पूजा-अनुष्ठान किए गए। कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ से आए आचार्यों ने वैदिक परंपरा के अनुसार धार्मिक विधियां पूरी कराईं।
उज्जैन में चारों पीठों की मौजूदगी का खाका तैयार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि चारों शंकराचार्य पीठों को उज्जैन से जोड़ने के लिए स्थायी स्थान तैयार करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत एक पीठ के लिए स्थान पहले ही स्थापित हो चुका है। द्वारका पीठ के शंकराचार्य ने भी उज्जैन में जगह विकसित करने की सहमति दी है और वहां निर्माण कार्य चल रहा है। सरकार की मंशा है कि बाकी पीठों के लिए भी इसी तरह स्थान उपलब्ध कराया जाए। इससे उज्जैन आने वाले शंकराचार्यों को अपने प्रवास के दौरान ठहरने के लिए निश्चित परिसर मिल सकेगा।
सिंहस्थ के साथ सालभर धार्मिक गतिविधियों को मिलेगा आधार
उज्जैन में 2028 में होने वाला सिंहस्थ सरकार की प्रमुख तैयारियों में शामिल है। इस आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से संत, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में शंकराचार्य पीठों के लिए स्थायी परिसर विकसित करने की योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों और आध्यात्मिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जा सकेगा। इससे शहर में धार्मिक आयोजनों की निरंतरता बनी रहेगी और सिंहस्थ के अलावा भी उज्जैन में आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
महाकाल की नगरी को आध्यात्मिक केंद्र बनाने की पहल
सरकार उज्जैन की पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। चारों शंकराचार्य पीठों के लिए स्थान विकसित करने की योजना इसी प्रयास का हिस्सा है। इससे आदि गुरु शंकराचार्य की परंपरा से जुड़े चारों पीठों का उज्जैन से संबंध और मजबूत हो सकता है। मुख्यमंत्री का कहना है कि शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल के जरिए उज्जैन को देश की आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्रों में शामिल करने की कोशिश है।
समारोह में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी पहुंचे
कार्यक्रम में सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल, विवेक गुप्ता, संभाग आयुक्त आशीष सिंह और एडीजी राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




.jpg&w=3840&q=75)