भोपाल की रिहायशी बिल्डिंग की पार्किंग में आग से मची अफरा-तफरी, एक एक्टिवा जलकर खाक; दूसरी को भी पहुंचा नुकसान
भोपाल के अयोध्या बायपास स्थित ऋद्धि-सिद्धि रेसीडेंसी की पार्किंग में रविवार दोपहर आग लग गई। लपटों ने दो एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। एक स्कूटर पूरी तरह जल गया, जबकि दूसरा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। रहवासियों और परिजनों ने मिलकर आग बुझाई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

रिद्धि-सिद्धि रेसीडेंसी की पार्किंग में आग से दो एक्टिवा क्षतिग्रस्त
Bhopal News: भोपाल के अयोध्या बायपास इलाके में रविवार दोपहर एक रिहायशी बिल्डिंग की पार्किंग में आग लगने से हड़कंप मच गया। निचले तल पर लगी आग तेजी से वहां खड़े दोपहिया वाहनों तक पहुंच गई। इसकी चपेट में आने से एक एक्टिवा पूरी तरह जल गई, जबकि दूसरी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। आग की लपटें देखकर परिसर में रहने वाले लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और सामूहिक प्रयासों से आग को आगे फैलने से रोक दिया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
अचानक धुएं के गुबार से मचा हड़कंप
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला नरेला शंकरी के वार्ड-67 स्थित ऋद्धि-सिद्धि रेसीडेंसी का है। रविवार दोपहर बिल्डिंग के निचले हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें नजर आने लगीं। पार्किंग में खड़े वाहनों तक आग पहुंचते ही रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास खड़े दूसरे वाहनों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था।
अनिल शर्मा की एक्टिवा जलकर खाक
बता दें, आग की चपेट में आने से ब्लॉक नंबर-53 में रहने वाले अनिल शर्मा की एक्टिवा (MP 04 YZ 7367) बुरी तरह जल गई। वाहन को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, परिसर में खड़ी एक अन्य एक्टिवा भी आग की लपटों से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना से वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
रहवासियों और परिजनों ने मिलकर बुझाई आग
आग फैलने की आशंका को देखते हुए रेसीडेंसी के रहवासी और अनिल शर्मा के परिजन तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने बिना देर किए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लोगों की तत्परता और आपसी सहयोग से लपटों पर काबू पा लिया गया। इस वजह से आग पार्किंग के दूसरे हिस्सों और आसपास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंच सकी।
घटना के समय पार्किंग में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, आग किस कारण लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।


.jpg&w=3840&q=75)
