छतरपुर में 8 चोरों का अजीब कारनामा! सोना-चांदी नहीं मिला तो मिठाई, आइसक्रीम और बच्चों के खिलौने समेट ले गए
छतरपुर में दीपावली की रात आठ चोरों ने एक घर में घुसकर अलमारियां खंगालीं। सोना-चांदी और नकदी नहीं मिली तो मिठाई, नमकीन, ड्राई फ्रूट्स, बच्चों के खिलौने और फ्रिज से आइसक्रीम-बटर तक ले गए। CCTV फुटेज के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

छतरपुर में अजीब चोरी (CCTV फोटेज)
Chhatarpur Theft Case: मध्य प्रदेश के छतरपुर में धनतेरस की रात चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में घुसे चोरों को जब नकदी और सोने-चांदी के जेवर नहीं मिले, तो वे मिठाइयों, नमकीन, ड्राई फ्रूट्स और बच्चों के खिलौनों पर ही हाथ साफ कर गए। इतना ही नहीं, फ्रिज में रखी आइसक्रीम, बटर और चीज भी अपने साथ ले गए। घर में रखी मिठाइयों में से कुछ चोरों ने मौके पर ही खा लीं। इस वारदात में करीब आठ लोग शामिल है।
पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
जानकारी के अनुसार, यह मामला छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सागर रोड स्थित बंधवा परिसर की कॉलोनी का शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया। घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे चोरों ने सबसे पहले कमरों की अलमारियों को खंगाला। परिवार ने दीपावली के लिए घर में मिठाइयां तैयार की थीं। रात में सभी लोग बेडरूम में सो रहे थे, इसी दौरान चोर दूसरे कमरों में तलाशी लेते रहे।
जेवर नहीं मिले तो मिठाई और नमकीन पर किया हाथ साफ
परिवार ने जानकारी देते हुए बताया कि वे नकदी और सोने-चांदी के आभूषण घर में रखने के बजाय बैंक में रखते हैं। ऐसे में चोरों को कोई बड़ा कीमती सामान नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद खाने-पीने की चीजें समेटनी शुरू कर दीं। चोर बच्चों के बिस्किट, नमकीन, काजू, किशमिश, बादाम, लड्डू, पेड़ा और बर्फी तक ले गए। मिठाइयों से भरी परात भी गायब मिली। साथ ही, फ्रिज में रखी आइसक्रीम, बटर और चीज भी नहीं छोड़ा। परिवार का कहना है कि कुछ लड्डू चोरों ने घर में ही खा लिए थे।
रात 2:04 बजे CCTV स्क्रीन पर दिखे संदिग्ध
विजय कुमार गुप्ता के मुताबिक, रात करीब 2 बजकर 4 मिनट पर वे पानी पीने और बाथरूम जाने के लिए उठे थे। तभी CCTV कैमरों की स्क्रीन पर घर के अंदर कुछ संदिग्ध नजर आए। दरवाजा खुलते ही चोरों में भगदड़ मच गई और वे भागने लगे। वारदात में करीब आठ लोग शामिल थे। इनमें से पांच घर के भीतर दाखिल हुए थे। सभी ने हाफ पैंट पहनी हुई थी और पहचान छिपाने के लिए चेहरों पर मास्क लगाया था।
चप्पल छोड़ भागे आरोपी
बता दें, चोर घर के पिछले हिस्से की बाउंड्रीवाल पार करके अंदर पहुंचे थे। वहां बालू के ढेर और गैलरी में पैरों के निशान भी मिले हैं। भागने की जल्दबाजी में आरोपी अपनी चप्पलें तक वहीं छोड़ गए। आरोपियों ने पास के एक अन्य मकान में चोरी की कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर खड़ी पल्सर बाइक का लॉक तोड़कर ले जाने का प्रयास किया। बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
आरोपियों की तलीश जारी
वहीं, घटना के बाद परिवार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि चोरी की शिकायत सामने आई है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।




