भाईदूज पर केंद्रीय जेल में दिखा भाई-बहन के रिश्ते का अनोखा रंग, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र
सागर केंद्रीय जेल में भाईदूज का पर्व खास अंदाज में मनाया गया। सैकड़ों बहनें बंद भाइयों से मिलने पहुंचीं और तिलक लगाकर उनकी खुशहाली व जल्द घर वापसी की कामना की। जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए और कैंटीन में कम कीमत पर मिठाई व फल उपलब्ध कराए।

सागर जेल में मनाया गया भाईदूज का पर्व
Sagar News: सागर की केंद्रीय जेल में भाईदूज का पर्व भावनाओं और पारिवारिक अपनत्व के साथ मनाया गया। इस खास दिन जेल में बंद भाइयों से मिलने बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। किसी ने भाई के माथे पर तिलक सजाया, तो किसी ने उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर जल्द घर लौटने की कामना की। जेल की दीवारों के बीच हुए इस आयोजन ने भाई-बहन के रिश्ते की गहराई को एक बार फिर सामने ला दिया।
बहनों के स्वागत के लिए जेल में किए गए विशेष इंतजाम
बता दें, त्योहार को देखते हुए केंद्रीय जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए अलग से व्यवस्थाएं की थीं। जेल परिसर के खुले मैदान में टेंट लगाया गया, जहां बंदियों और उनसे मिलने आई महिलाओं के बैठने का इंतजाम किया गया। इसका उद्देश्य था कि बहनें बिना किसी असुविधा के अपने भाइयों के साथ कुछ समय बिता सकें और त्योहार की परंपरा पूरी कर सकें।
कैंटीन में कम दाम पर मिली मिठाइयां और फल
वहीं, भाईदूज की खुशियों को और खास बनाने के लिए जेल कैंटीन में मिठाई और फलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी। यहां बाजार के मुकाबले कम कीमत पर मिठाइयां रखी गईं, ताकि मुलाकात के दौरान बहनें अपने भाइयों को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कर सकें।
मुलाकात के दौरान भावुक हुए बंदी
इस आयोजन का सबसे भावुक पहलू भाई-बहनों की मुलाकात रही। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुखद भविष्य और जल्द घर वापसी की प्रार्थना की। लंबे अंतराल के बाद अपनों को सामने देखकर कई बंदी भावुक हो गए। कुछ पलों की इस मुलाकात में कहीं दुआएं थीं, तो कहीं अपनों से दूर रहने का दर्द। केंद्रीय जेल में आयोजित भाईदूज का यह कार्यक्रम इस बात का संदेश दे गया कि पारिवारिक रिश्तों की अहमियत परिस्थितियों और दूरियों से कम नहीं होती।



