छतरपुर में दिव्यांग युवक के साथ यौन उत्पीड़न, बिस्किट का लालच देकर खेत की ओर ले गया था आरोपी
छतरपुर में एक दिव्यांग युवक के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोपी उसे बिस्किट देने के बहाने खेत की ओर ले गया था। युवक की मां तलाश करते हुए वहां पहुंचीं। आरोपी भागा, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


मां के साथ थाने पहुंचा पीड़ित
Sexual Assault Case in Chhatarpur: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दिव्यांग युवक के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। गांव का एक व्यक्ति युवक को बिस्किट देने के बहाने दुकान के पास से अपने साथ खेत की ओर ले गया। कुछ देर बाद युवक की मां उसे तलाशते हुए वहां पहुंची। महिला को देखकर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
दुकान के पास से युवक को अपने साथ ले गया आरोपी
पीड़ित की मां ने बताया कि घटना वाली रात करीब 7:30 बजे उनका बेटा गांव की एक दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान गांव का रहने वाला इस्तयाक खान वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने युवक को बिस्किट देने की बात कही और फिर उसका हाथ पकड़कर उसे खेत की तरफ ले गया।
बेटे को खोजते हुए खेत तक पहुंची मां
कुछ समय बाद गांव के लोगों ने महिला को बताया कि उनके बेटे को खेत की दिशा में ले जाया गया है। इसके बाद वह टॉर्च लेकर उसकी तलाश में निकलीं। खेत के पास पहुंचने पर उन्हें आरोपी और बेटे की स्थिति संदिग्ध लगी। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया।
इसके बाद मां अपने बेटे को घर ले गईं। बाद में परिजनों और कुछ ग्रामीणों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचीं। आरोपी दिखाई देने पर लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के समय रात हो चुकी थी और वह अकेली थीं, इसलिए तत्काल थाने नहीं जा सकीं। अगले दिन परिवार के साथ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस्तयाक खान उर्फ स्टाटर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(4) के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।




