छतरपुर में दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक की मौके पर मौत; रेस्क्यू कर निकाला गया शव
छतरपुर में NH-39 पर मंगलवार सुबह दो ट्रकों की टक्कर में चालक अजय कुमार की मौत हो गई। पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने क्रेन से दोनों ट्रक हटवाकर जांच शुरू कर दी है।


छतरपुर में NH-39 पर दो ट्रकों की टक्कर में चालक अजय कुमार की मौत।
Chhatarpur Truck Accident: मध्यप्रदेश के छतरपुर में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे-39 पर दो ट्रकों की टक्कर में एक चालक की जान चली गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में होटल रुद्राक्ष के पास आगे चल रहे ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अजय कुमार उसमें फंस गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
केबिन में फंसे चालक को निकालने में लगा समय
बता दें, हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। चालक के केबिन में फंसे होने के कारण शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू किया गया और इसके बाद शव को बाहर निकाला गया। एम्बुलेंस से शव को छतरपुर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी। मृतक के पास से ड्राइविंग पास भी मिला है।
क्रेन से हटाए गए दोनों ट्रक
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रकों के नंबर UP81GT7883 और NL01AJ3019 हैं। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर खड़े हो गए थे। पुलिस ने क्रेन बुलाकर उन्हें हाईवे से हटवाया, ताकि यातायात दोबारा सामान्य किया जा सके।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि हाईवे पर एक ट्रक को पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मारी थी। इस घटना में पीछे वाले ट्रक के चालक की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



