छतरपुर में इंसानियत शर्मसार: खजुराहो में 6 साल की मासूम से 75 वर्षीय बुजुर्ग ने की दरिंदगी
छतरपुर जिले के खजुराहो में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ 75 वर्षीय हरिश्चंद्र रैकवार ने 6 साल की मासूम बच्ची को दरिंदगी का शिकार बनाया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो थाना क्षेत्र से एक बेहद झकझोर देने वाली और मानवता को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने छह साल की एक मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। इस घिनौनी वारदात के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता रोजाना अपनी माँ के साथ आंगनबाड़ी केंद्र जाया करती थी। घटना वाले दिन माँ को किसी आवश्यक कार्य के कारण थोड़ी देर हो गई, जिसके चलते मासूम अकेली ही घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान, रास्ते में घात लगाए बैठे 75 वर्षीय हरिश्चंद्र रैकवार ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपने जाल में फंसाया और इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। हालांकि, आहट होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जिसके बाद डरी-सहमी बच्ची ने घर पहुँचकर परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बच्ची को साथ लिया और खजुराहो थाने पहुँचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपी हरिश्चंद्र रैकवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


