छतरपुर में तेज रफ्तार बनी मौत की वजह, बिजली के खंभे से टकराई 20 वर्षीय युवक की बाइक
छतरपुर जिले में शुक्रवार देर रात कुम्हेड़ नदी के मोड़ पर बाइक हादसे में 20 वर्षीय राजुल चौरसिया की मौत हो गई। लवाहन से घर लौटते समय उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। राजुल अपनी मां का इकलौता बेटा था। हादसे से परिवार में मातम पसरा है।

तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
Chhatarpur Bike Accident: छतरपुर जिले में शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में 20 साल के युवक की जान चली गई। कुम्हेड़ नदी के मोड़ पर हनुमान मंदिर के पास उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राजुल परिवार का इकलौता बेटा था।
कार्यक्रम से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महाराजपुर के बड़े मंदिर के पास रहने वाला राजुल चौरसिया शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लवाहन गया था। देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुम्हेड़ नदी की कोड़ पर हनुमान मंदिर के नजदीक अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 20 वर्षीय राजुल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बता दें, राजुल चौरसिया अपनी मां शारदा चौरसिया का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसके अचानक चले जाने से परिजन गहरे सदमे में हैं। 20 साल की उम्र में हुए इस हादसे ने परिवार को कभी न भरने वाला दुख दिया है। घटना के बाद से महाराजपुर क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।


