CM मोहन ने MP के कर्मचारियों को दिया दीवाली का तोहफा, 2% बढ़ेगा महंगाई भत्ता; जानिए कब से मिलेगा लाभ?
मध्यप्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के DA में 2% बढ़ोतरी की घोषणा की है। जनवरी 2026 से लागू इस फैसले के बाद महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% होगा। जनवरी से सितंबर तक का एरियर तीन किस्तों में मिलेगा। पेंशनर्स की DR भी जुलाई 2026 से 2% बढ़ाई जाएगी।

MP में सरकारी कर्मचारियों का DA 2% बढ़ेगा।
MP Government DA Hike: मध्यप्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। कर्मचारियों के लिए यह बढ़ोतरी जनवरी 2026 से लागू होगी। जनवरी से सितंबर तक के नौ महीने का एरियर तीन बराबर किस्तों में दिया जाएगा।
CM ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों को बढ़े हुए DA के साथ बकाया राशि का लाभ भी मिलेगा।
नवंबर में मिलने वाली सैलरी में दिखेगा असर
सीएम के मुताबिक, अक्टूबर महीने के वेतन के साथ कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा। यह सैलरी नवंबर में मिलेगी। इसके अलावा जनवरी से सितंबर तक की बकाया राशि तीन समान मासिक किस्तों में कर्मचारियों के खातों में पहुंचाई जाएगी।
इस फैसले के बाद मध्यप्रदेश के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। इससे प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को फायदा मिलेगा।
63 प्रतिशत केंद्रीय कर्मचारियों का DA
बता दें, केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का DA 63 प्रतिशत हो गया है। मध्यप्रदेश में 2 प्रतिशत की वृद्धि के बाद राज्य कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
पेंशनर्स को जुलाई से बढ़ी हुई राहत
वहीं, सरकार ने पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। यह बदलाव जुलाई 2026 से लागू होगा। इससे प्रदेश के पेंशनर्स को मिलने वाली मासिक पेंशन में महंगाई राहत का हिस्सा बढ़ जाएगा।
