पन्ना में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का एक्शन, 4 गिरफ्तार; बाइक समेत 40.86 बल्क लीटर शराब जब्त
पन्ना में आबकारी विभाग ने तीन जगह छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। मनोर मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों से 27 बल्क लीटर शराब और मोटरसाइकिल मिली। जनकपुर की दुकान और लक्ष्मीपुर के मकान से भी देशी शराब जब्त की गई। कुल 40.86 बल्क लीटर शराब बरामद हुई।

पन्ना में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई
Illegal Liquor Action in Panna: पन्ना जिले में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की है। तीन स्थानों पर हुई इस कार्रवाई में चार लोगों को पकड़ा गया। टीम ने देशी शराब के साथ एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 40.86 बल्क लीटर है।
मनोर मार्ग पर पीछा कर पकड़े गए दो युवक
बता दें, आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि मनोर मार्ग से बाइक पर शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय की टीम ने रास्ते में निगरानी शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक टीम को देखकर जंगल की तरफ जाने लगे। पीछा करने पर दोनों को पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान उनके पास मौजूद बोरी से तीन कार्टन मिले। इनमें 100 पाव सादा और 50 पाव मसाला देशी शराब रखी थी। शराब की मात्रा 27 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत लगभग 13,050 रुपये आंकी गई। टीम ने करीब 65 हजार रुपये की मोटरसाइकिल भी जब्त की। पकड़े गए युवकों की पहचान दीपक पटेल, निवासी राजनगर और धर्मेंद्र राय, निवासी टीकमगढ़ के रूप में हुई है।
चाय की दुकान और घर में रखी थी शराब
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दूसरे चरण में टीम जनकपुर पहुंची। यहां कालीचरण अहिरवार की चाय-नाश्ते की दुकान की तलाशी ली गई। दुकान से 35 पाव सादा देशी शराब मिली, जिसकी कीमत 2,625 रुपये बताई गई है।
इसके बाद आबकारी टीम ने लक्ष्मीपुर गांव में राकेश अहिरवार के घर की जांच की। यहां से 42 पाव सादा देशी शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 3,150 रुपये बताई गई है।
आबकारी एक्ट के तहत चारों पर कार्रवाई
तीनों जगहों से मिली शराब की कुल मात्रा 40.86 बल्क लीटर है। आबकारी विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत केस दर्ज किया है। अब विभाग शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटा रहा है।
यह अभियान आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के लिए सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव को नोडल अधिकारी बनाया गया था। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय सहित विभाग के अन्य कर्मचारी और नगर सैनिक शामिल रहें।
