सीएम मोहन यादव ने नेहा माली को बुलाकर सुनी फरियाद, एक लाख रुपए की मदद का किया ऐलान
नीमच दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलने की गुहार लगाने वाली कुकड़ेश्वर निवासी नेहा माली की कैबिनेट बैठक के बाद सीएम से मुलाकात हुई। सीएम ने जांच के निर्देश दिए और एक लाख रुपए की मदद घोषित की।


मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नेहा माली से की मुलाकात
CM Mohan Yadav Meets Neha Mali: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे के दौरान एक युवती उनसे मिलने के लिए लगातार आवाज लगाती नजर आई थी। वह सुरक्षाकर्मियों से कह रही थी कि उसे मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखनी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा। अब मुख्यमंत्री ने इस मामले में पहल करते हुए युवती को मुलाकात के लिए बुलाया और उसकी शिकायत सुनी।
कैबिनेट बैठक के बाद नेहा से मिले मुख्यमंत्री
दरअसल, नीमच जिले के कुकड़ेश्वर की रहने वाली नेहा माली मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी परेशानी बताना चाहती थी। काफिले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते उसकी मुलाकात नहीं हो पाई थी। हालांकि, कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने नेहा को अपने पास बुलाया। उन्होंने उसे बैठाकर पूरी बात सुनी और उसकी समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टर को तत्काल निर्देश दिए।
पिता की संपत्ति पर कब्जे की शिकायत
बता दें, नेहा ने अपने रिश्तेदारों पर पिता की संपत्ति पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने और उसे परेशान करने की शिकायत की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और नेहा को उसका उचित अधिकार दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच होगी और युवती के साथ न्याय किया जाएगा।
आर्थिक सहायता के तौर पर दिए जाएंगे एक लाख रुपए
वहीं, मुख्यमंत्री ने नेहा को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उसकी समस्या के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाएगा। साथ ही, उन्होंने मौके पर ही नेहा को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले में हर संभव मदद करेगी।


