दमोह में खौफनाक वारदात: पत्नी और 3 बच्चों की हत्या, घर के बाहर बैठा रहा युवक
दमोह के कबीरपुर गांव में एक युवक पर पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। चारों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पत्नी को लेकर शक की बात सामने आई है।

सांकेतिक तस्वीर
Damoh News: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया। एक युवक ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में चारों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय खेमाबाई और उनके बच्चों उर्मिला (7), उमेश (4) और राजा (1) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति द्वारका पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घर में मिले चार लोगों के शव
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 6 बजे मिली। डायल-112 के जरिए जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम कबीरपुर गांव पहुंची। आरोपी वारदात के बाद घर के बाहर बैठा था और उसके पास कुल्हाड़ी थी। मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया गया और घटनास्थल को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
छोटे भाई को लेकर शक
आरोपी के चाचा हरगोविंद पटेल ने बताया कि द्वारका ने घटना के पीछे अपने छोटे भाई को लेकर शक की बात कही थी। उसका आरोप था कि उसका छोटा भाई उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाना चाहता था। हालांकि, पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। घटना की वास्तविक वजह और हत्या की परिस्थितियों को लेकर आरोपी से पूछताछ जारी है।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
SP आनंद कलादगी के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। महिला की ओर से थाने में धारा 498 से संबंधित मामला भी दर्ज किया गया था। शुक्रवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे थे और दोनों को समझाने के बाद वापस चले गए थे।
पिता ने शराब और मारपीट का लगाया आरोप
वहीं, मृतका के पिता बाबूलाल पटेल ने आरोप लगाया कि आरोपी शराब पीने के बाद उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। इस संबंध में पहले मामला दर्ज कराया गया था। बाद में कोर्ट में समझौता होने के बाद दंपती साथ रहने लगे थे। घटना से करीब तीन दिन पहले भी उनकी बेटी ने फोन कर पति द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार के लोग शुक्रवार को कबीरपुर पहुंचे थे।
फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
बता दें, घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फोरेंसिक जांच के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपी के दावों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घरेलू विवाद, कथित शक और पहले दर्ज शिकायत समेत सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है।


