दमोह में गाली देने से रोकना पड़ा भारी, तीन लोगों ने युवक को लाठी-रॉड से पीटा; सिर में आई चोट
दमोह के सलैया हटरी गांव में गाली-गलौज करने से रोकने पर तीन लोगों ने रतन पटेल (40) पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उनके सिर में चोट आई है। जिला अस्पताल में इलाज जारी है।


घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी
Damoh News: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में विवाद के दौरान गाली-गलौज करने से रोकना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। तेजगढ़ थाना क्षेत्र के सलैया हटरी गांव में बुधवार रात तीन लोगों ने मिलकर रतन पटेल (40) पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर पर चोट आई, जिसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। घायल ने पुलिस पर शिकायत के अनुरूप कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया है।
विरोध करने पर मारपीट
रतन पटेल के मुताबिक, बुधवार रात मदन पटेल घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा था। आवाज सुनकर वह बाहर निकले और मदन को ऐसा करने से मना किया। इस बात पर मदन भड़क गया और अपने बेटे संजू व सियाराम पटेल के साथ मिलकर रतन पर हमला कर दिया। घायल का आरोप है कि संजू ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जबकि मदन ने डंडे से मारपीट की। घटना के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। हमले में घायल रतन को परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
शिकायत के मुताबिक दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट
साथ ही, मामले में घायल रतन पटेल ने इमलिया चौकी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर चौकी पहुंचने के बावजूद पुलिस ने उनकी ओर से बताई गई जानकारी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रतन ने यह भी कहा कि चोट लगने के बाद वह निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन अस्पताल में भी कोई पुलिसकर्मी उनका बयान लेने नहीं पहुंचा। उन्होंने हमले में शामिल तीनों लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जिला अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज
जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि रतन पटेल के सिर में चोट आई है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।


.jpg&w=3840&q=75)
