मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पूरा किया सुनील लोधी का सपना, गिफ्ट की पसंदीदा पल्सर बाइक
फिल्म 'हनुमान' के चर्चित गीत से पहचान बनाने वाले गायक सुनील लोधी को दीपावली पर पल्सर बाइक मिली। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उनका सपना पूरा करते हुए अपने निवास पर बाइक भेंट की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील की गायकी को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुनील लोधी को बाइक गिफ्ट की।
Sunil Lodhi Gets Pulsar Bike: मध्यप्रदेश के उभरते गायक सुनील लोधी के लिए दीपावली इस बार यादगार बन गई। अपनी आवाज से लोगों के बीच पहचान बनाने वाले सुनील का खुद की पल्सर बाइक खरीदने का सपना अब पूरा हो गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने उन्हें पसंदीदा बाइक उपहार में दी। फिल्म 'हनुमान' के चर्चित गीत से सुर्खियों में आए सुनील को यह सौगात उनकी गायकी के लिए प्रोत्साहन के तौर पर दी गई।
मंत्री ने निभाया वादा
बता दें, सुनील लोधी ने कुछ समय पहले मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात के दौरान अपनी एक इच्छा साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनका सपना अपनी पल्सर बाइक खरीदने का है। इस पर मंत्री ने उन्हें बाइक दिलाने का भरोसा दिया था। दीपावली के अवसर पर मंत्री राजपूत ने सुनील को अपने निवास 'मातेश्वरी' बुलाया और उन्हें पल्सर बाइक की चाबी सौंपी। इस तरह उनका लंबे समय से देखा जा रहा सपना पूरा हो गया। इस मौके पर सुनील के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
आवाज ने दिलाई पहचान
जानकारी के अनुसार, सुनील लोधी जन्म से दृष्टिबाधित हैं, लेकिन इस कमी को उन्होंने अपनी प्रतिभा के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। अपनी गायकी के दम पर उन्होंने सुरखी विधानसभा क्षेत्र से बाहर भी पहचान बनाई है। फिल्म 'हनुमान' के चर्चित गीत को आवाज देने के बाद उन्हें खास लोकप्रियता मिली। उनकी गायकी ने लोगों का ध्यान खींचा और कई मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिला।
आंखों के उपचार के लिए भी की जा रही मदद
साथ ही, सुनील की गायकी को आगे बढ़ाने के साथ उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग से उनकी आंखों के उपचार के लिए प्रयास किए हैं। चिकित्सकों ने सुनील की आंखों की जांच की है। उपचार को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई गई है।




