‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर ने धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात के बाद फिल्म को लेकर किया बड़ा दावा
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर बागेश्वर धाम पहुंचीं। बालाजी दर्शन के बाद उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। प्रोड्यूसर ने दावा किया कि 300 से 30 स्क्रीन तक पहुंचने के बाद मुलाकात हुई और इसके बाद फिल्म के प्रदर्शन में सुधार आया।

बागेश्वर धाम में प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर
Chhatarpur News: फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर रविवार को बागेश्वर धाम पहुंचीं। उन्होंने बालाजी सरकार के दर्शन किए और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने फिल्म की रिलीज से लेकर बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन तक का अनुभव साझा किया।
30 तक पहुंच गई थी फिल्म
फिल्म स्क्रीनिंग को लेकर अनुप्रिया नागर ने कहा कि रिलीज के शुरुआती दौर में फिल्म को करीब 300 स्क्रीन मिली थीं, लेकिन बाद में यह संख्या घटकर लगभग 30 स्क्रीन रह गई। इसी मुश्किल दौर के दौरान उनकी मुलाकात मुंबई स्थित बागेश्वर धाम के मठ और आश्रम में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से हुई थी।
मुलाकात के बाद प्रदर्शन में सुधार का दावा
प्रोड्यूसर अनुप्रिया ने दावा किया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात और आशीर्वाद के बाद फिल्म के प्रदर्शन में बदलाव देखने को मिला। इसके बाद ‘हनुमान अंश’ ने फिर से रफ्तार पकड़ी और फिल्म के प्रदर्शन में सुधार आया। हालांकि, फिल्म के प्रदर्शन में बदलाव को लेकर अनुप्रिया नागर द्वारा बताई गई यह बात उनका व्यक्तिगत अनुभव और दावा है।
बच्चों के लिए क्या है फिल्म का संदेश?
साथ ही, अनुप्रिया नागर ने फिल्म के कंटेंट पर भी बात की। उनका कहना है कि ‘हनुमान अंश’ के जरिए बच्चों को सकारात्मक सोच, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की कोशिश की गई है। फिल्म देखने के बाद बच्चों में धर्म और आध्यात्मिक विषयों को लेकर रुचि बढ़ने की प्रतिक्रिया उन्हें मिल रही है। फिल्म की कहानी और इसकी आध्यात्मिक थीम को इसी उद्देश्य के साथ तैयार किया गया है।
दोबारा बागेश्वर धाम पहुंचकर जताई आस्था
बता दें, फिल्म की यात्रा और रिलीज के दौरान आए अनुभवों को साझा करने के बाद अनुप्रिया नागर एक बार फिर बागेश्वर धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने बालाजी के दर्शन किए और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की।



