IPS अनुराग सुजानिया ने दिया इस्तीफा, सागर SP से हटाकर 4 दिन पहले बनाया गया था AIG; जानिए CM ने क्यों बुलाई बैठक?
2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। चार दिन पहले ही उन्हें सागर SP पद से हटाकर PHQ में AIG बनाया गया था। उनके इस्तीफे के बाद CM मोहन यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई है। सुजानिया मुरैना और सागर में जहरीली शराब मामलों के दौरान SP रहे हैं।

IPS अनुराग सुजानिया ने इस्तीफा दिया।
MP Police Department News: मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में एक बड़े घटनाक्रम ने हलचल बढ़ा दी है। 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सोमवार को भेजे गए इस्तीफे में उन्होंने नौकरी छोड़ने की वजह व्यक्तिगत बताई है। खास बात यह है कि महज चार दिन पहले ही सरकार ने उन्हें सागर SP की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय में AIG बनाया था।
सुजानिया का इस्तीफा सामने आने के बाद सरकार भी सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ पुलिस विभाग से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर चर्चा होने की संभावना है। सुजानिया के इस्तीफे का मुद्दा भी बैठक में उठ सकता है।
IPS एसोसिएशन से चर्चा के बाद CM ने बुलाई बैठक
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भौंरी पहुंचे थे। यहां IPS एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनसे अनुराग सुजानिया के इस्तीफे को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन से इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था। इसके बाद शाम को पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक तय की गई।
हालांकि, सुजानिया का इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा या नहीं, इस पर सरकार ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। IPS ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर से जब इस घटनाक्रम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जानकारी होने से इनकार किया और मामले पर टिप्पणी नहीं की।
मुरैना में जहरीली शराब से 24 से ज्यादा मौतें हुई थीं
बता दें, अनुराग सुजानिया पहले मुरैना जिले के पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। साल 2021 में उनके कार्यकाल के दौरान जिले में जहरीली शराब पीने से 24 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इस घटना की जांच में अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुलिस संरक्षण के आरोप सामने आए थे। इसके बाद सुजानिया को मुरैना SP के पद से हटा दिया गया था।
सागर में जहरीली शराब कांड के बाद हुआ था तबादला
वहीं, इसी साल सितंबर में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था। इस घटना में 15 लोगों की मौत की बात सामने आई, जबकि विपक्ष ने मृतकों की संख्या 36 होने का दावा किया था। मामले की जांच के लिए सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन किया है।
शुरुआत में इस घटना के बाद सागर के SP को पद पर बनाए रखा गया था, लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सरकार ने कलेक्टर और SP दोनों को हटा दिया। अनुराग सुजानिया को सागर SP की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय में AIG बनाया गया था। इस प्रशासनिक बदलाव के चार दिन बाद ही उनका इस्तीफा सामने आ गया।
सरकार के फैसले पर नजर
अनुराग सुजानिया का इस्तीफा फिलहाल सरकार के पास विचाराधीन है। मुख्यमंत्री की पुलिस मुख्यालय में होने वाली बैठक को भी इस घटनाक्रम के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देकना होगा कि सरकार इस्तीफे को लेकर क्या निर्णय लेती है और पुलिस विभाग में आगे क्या बदलाव होते हैं।




