ईरान की मिसाइलें तैयार, अमेरिका-इजरायल को खुली चेतावनी; यूरोप तक हमले का दावा
अमेरिका और इजरायल के साथ तनाव के बीच ईरान की IRGC ने मिसाइल हमले को लेकर कड़ा संदेश दिया है। ब्रिगेडियर जनरल अली बेलाली ने कहा कि आदेश मिलने पर कार्रवाई का दायरा यूरोप और डिएगो गार्सिया तक बढ़ सकता है।

ईरानी सेना ने अमेरिका और इजरायल को दी धमकी
Iran Missile Warning: अमेरिका और इजरायल के साथ जारी तनातनी के बीच ईरान ने संकेत दिया है कि किसी भी नए सैन्य हमले की स्थिति में उसका जवाब सीमित नहीं रहेगा। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि देश की मिसाइल क्षमता पूरी तरह तैयार है। उनके बयान में यूरोप और हिंद महासागर स्थित डिएगो गार्सिया सैन्य ठिकाने का नाम भी सामने आया है।
ईरान ने मिसाइल क्षमता को लेकर क्या कहा?
IRGC की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल अली बेलाली ने सरकारी समाचार एजेंसी IRNA को दिए इंटरव्यू में कहा कि ईरान के पास मिसाइल हमले के लिए जरूरी सैन्य संसाधन उपलब्ध हैं। सर्वोच्च नेतृत्व से निर्देश मिलने पर नए भौगोलिक क्षेत्रों तक कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जा सकता है। बेलाली ने अपने बयान में यूरोप और डिएगो गार्सिया सैन्य अड्डे का उल्लेख किया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है या किसी संभावित कार्रवाई की योजना कब तक अमल में लाई जा सकती है।
हमले की स्थिति में जवाब देने का दावा
इसके साथ ही, ईरानी अधिकारी ने कहा कि देश की सैन्य टुकड़ियां किसी भी अप्रत्याशित हमले से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान पर हमला होने की स्थिति में जवाबी मिसाइल कार्रवाई की जा सकती है। बेलाली ने अमेरिका और उसके सहयोगियों पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ईरान की सैन्य ताकत को लेकर विरोधी देशों को अपनी रक्षा व्यवस्था पर भारी खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने महंगे THAAD जैसे एयर डिफेंस सिस्टम का भी जिक्र किया।
अमेरिकी सैन्य सहयोगियों को भी आगाह किया
बता दें, ईरान की चेतावनी केवल अमेरिका और इजरायल तक सीमित नहीं रही। बेलाली ने पश्चिम एशिया के उन देशों को भी सतर्क रहने की बात कही, जो अमेरिकी सेना के साथ सैन्य सहयोग करते हैं।
होर्मुज से तेल की आवाजाही पर भी नजर
सैन्य तनाव के साथ-साथ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल की सप्लाई भी विवाद का बड़ा केंद्र बनी हुई है। ईरानी शोधकर्ता अली अकबर के अनुसार, इस समुद्री रास्ते से तेल का परिवहन सामान्य करना ईरान की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चेताया कि यदि अमेरिका ने तेल की आवाजाही दोबारा शुरू करने की कोशिशों में दखल दिया तो तेहरान सैन्य विकल्प अपना सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल परिवहन मार्गों में गिना जाता है। यहां लंबे समय तक तनाव रहने से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर असर पड़ सकता है।





