ट्रेन से उतर रहें युवक के सिर पर बदमाशों ने मारा पत्थर, मोबाइल लूट का विरोध करने पर यात्री की हत्या
छतरपुर के हरपालपुर स्टेशन पर महाकौशल एक्सप्रेस से उतरने के बाद राहुल सोनी पर मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान हमला किया गया। विरोध करने पर सिर पर पत्थर मारा गया। एंबुलेंस नहीं मिलने पर उसे ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बदमाशों के हमले से घायल यात्री की मौत
Chhatarpur News: हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात ट्रेन से उतरने के बाद एक यात्री पर हमला कर दिया गया। बदमाशों ने मोबाइल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल सोनी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मोबाइल छीनने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, नौगांव के वार्ड-19 निवासी राहुल सोनी शुक्रवार रात महाकौशल एक्सप्रेस से हरपालपुर स्टेशन पर उतरे थे। वह स्टेशन पर मोबाइल से बात कर रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने कथित तौर पर उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। जिसका राहुल ने विरोध कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों में खींचतान हुई। इस झड़प में एक आरोपी ने पत्थर उठाकर राहुल के सिर पर हमला कर दिया। चोट लगने के बाद राहुल प्लेटफॉर्म पर बेहोश होकर गिर पड़े।
यात्रियों ने एक आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद कुछ यात्रियों ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, दूसरा आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और जीआरपी की टीम स्टेशन पहुंची और फरार आरोपी की तलाश शुरू की।
घायल को ई-रिक्शा से पहुंचाया अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल की हालत गंभीर होने के बावजूद मौके पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हुई। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे ई-रिक्शा से करीब दो किलोमीटर दूर हरपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। रात के समय स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर मौजूद नहीं था। वहां मौजूद स्टाफ ने घायल की ड्रेसिंग की। इसके बाद हालत गंभीर होने पर राहुल को डायल-112 की मदद से नौगांव अस्पताल ले जाया गया।
नौगांव अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
बता दें, नौगांव अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने राहुल का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। वहीं, पुलिस अब हमले की पूरी घटना और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश
रेलवे स्टेशन परिसर में हुई वारदात के कारण मामले में जीआरपी और स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर शुरुआत में स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पकड़े गए आरोपी को पुलिस अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की जा रही है। दूसरे आरोपी की तलाश में स्टेशन और आसपास के इलाकों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले में कितने लोग शामिल थे और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

