Sagar Road Accident: बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 की मौत; बस ड्राइवर फरार
Sagar Road Accident: सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास बस और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। तीन ने मौके पर दम तोड़ा, जबकि एक घायल की अस्पताल में मौत हुई।
बस और कार की भिड़ंत
Sagar Road Accident: मध्यप्रदेश के सागर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। बहेरिया थाना क्षेत्र के गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास पेट्रोल पंप से निकल रही एक कार को जबलपुर की ओर से आ रही चार्टर्ड बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार को बस ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, कार बहेरिया स्थित पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद मुख्य सड़क पर आ रही थी। इसी दौरान जबलपुर की तरफ से तेज गति से आ रही चार्टर्ड बस ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस भी नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे बनी खंती में उतर गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
कार के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को मकरोनिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में इन लोगों की मौत
बता दें, हादसे में जान गंवाने वालों में सागर जिले के दो निवासी बताए गए हैं। इनमें बंडा निवासी प्रशांत जैन (46) शामिल हैं, जो एसी-कूलर और इलेक्ट्रॉनिक सामान से जुड़ा काम करते थे। दूसरे मृतक निर्मल उर्फ मुन्ना जैन (62) रामपुरा वार्ड निवासी बताए गए हैं। वह कृषि उपकरणों का कारोबार करते थे। तीसरे मृतक की पहचान विकास (43) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के निवासी बताए गए हैं। चौथे मृतक की पहचान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस उसकी पहचान की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
बस ड्राइवर हादसे के बाद फरार
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अब चार्टर्ड बस के फरार चालक की तलाश कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ और बस की गति कितनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

