पन्ना में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर से टकराई बाइक, दंपती और तीन बच्चे घायल; जिला अस्पताल में भर्ती
पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग पर बड़गड़ी बंधा के पास बाइक ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार वीरेंद्र कुशवाहा, उनकी पत्नी और तीन बच्चे घायल हो गए। डायल 112 की टीम ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।


घायलों को अस्पताल पहुंचाती पुलिस
Panna Road Accident: मध्य प्रदेश के पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग पर बुधवार को सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। बड़गड़ी बंधा के पास बाइक आगे चल रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे वीरेंद्र कुशवाहा, उनकी पत्नी पूजा और तीनों बच्चे घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है।
मैहर से लौटते समय रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, अहिरगवां निवासी वीरेंद्र कुशवाहा (30) अपनी पत्नी पूजा कुशवाहा (26) और तीन बच्चों के साथ मैहर स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ पांच साल का कार्तिक, तीन साल का सोनू और सात महीने का रुद्र भी सवार था। परिवार पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रैक्टर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक समय रहते वाहन नहीं संभाल सका और बाइक ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से जा टकराई।
टक्कर में दंपती और तीनों बच्चे घायल
बता दें, हादसे में वीरेंद्र के सीने में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बच्चे भी घायल हो गए। टक्कर के बाद परिवार के सदस्य सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी।
डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट सचिन कुशवाहा और आरक्षक प्रभु दयाल ने सभी पांचों घायलों को जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया है और वाहन जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


