सागर में अग्निवीर भर्ती रैली का चौथा दिन, 814 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा; 575 ने पार की दौड़
सागर में अग्निवीर सेना भर्ती रैली के चौथे दिन 814 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 575 युवाओं ने दौड़ पूरी कर अगले चरण में जगह बनाई। भर्ती रैली 14 अक्टूबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मकरोनिया से मुरैना और भिंड के लिए स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।

भर्ती रैली में दौड़ में शामिल हुए अभ्यर्थी।
Sagar Agniveer Recruitment: सागर के इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रही वार्षिक अग्निवीर सेना भर्ती रैली के चौथे दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। 814 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया, जिनमें से 575 अभ्यर्थियों ने निर्धारित दौड़ पूरी कर अगले चरण के लिए जगह बनाई।
दौड़ के बाद अब इन चरणों से गुजरेंगे अभ्यर्थी
बता दें, दौड़ में सफल अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया यहीं खत्म नहीं होगी। अगले चरण में उन्हें शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, शारीरिक मापदंड, बायोमेट्रिक और दस्तावेज सत्यापन से गुजरना होगा। इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं के लिए हर चरण में निर्धारित मानकों को पूरा करना जरूरी है। अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया कराई जा रही है।
14 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती रैली
अधिकारियों के मुताबिक, सागर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली 14 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें कुल 10 जिलों के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और योग्यता आधारित रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें
वहीं, भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए मकरोनिया से अलग-अलग शहरों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
- ट्रेन नंबर 01711: मकरोनिया से मुरैना, शाम 6 बजे
- ट्रेन नंबर 01832: मकरोनिया से मुरैना, सुबह 2:15 बजे
- ट्रेन नंबर 01834: मकरोनिया से भिंड, सुबह 3:15 बजे
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन से जुड़ी आधिकारिक सूचना जरूर जांच लें, क्योंकि समय-सारणी में बदलाव की स्थिति बन सकती है।
दलालों से सावधान रहने की अपील
साथ ही, सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को किसी भी तरह के झांसे से बचने की सलाह दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर होती है। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे किसी अनधिकृत व्यक्ति, दलाल या असामाजिक तत्व के संपर्क में न आएं और भर्ती से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही लें। यात्रा के दौरान अभ्यर्थी अपने जरूरी दस्तावेज और पहचान पत्र साथ रखें, ताकि सत्यापन के समय किसी तरह की परेशानी न हो।




