सागर में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिला अज्ञात महिला का शव, सिर और गले पर चोट के निशान
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे 40-45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला है। महिला के सिर, चेहरे और गले पर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस हत्या की आशंका के चलते FSL और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच कर रही है।


सागर में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अज्ञात महिला का शव मिला।
Sagar News: मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार को महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। उसके सिर, चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया।
FSL और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
बता दें, घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान से जुड़ा कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है। महिला को रेलवे स्टेशन के आसपास देखा जाता था और वह भीख मांगकर गुजारा करती थी।
सिर, चेहरे और गले पर चोट के निशान
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे महिला का शव बरामद हुआ है। उसके सिर, चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।


