Tiger Shroff Firing Case: अमृतसर से मुंबई पहुंचे हथियार, दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार; जानिए कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने हथियारों की सप्लाई में कथित भूमिका के आरोप में कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया है। रेहान की मां ने हरियाणा के अमन को मास्टरमाइंड बताया है। पुलिस हथियारों के स्रोत और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है।

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग केस में दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार
Tiger Shroff firing case: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच अब हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के संपर्कों तक पहुंच गई है। वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार अमृतसर से मुंबई लाए गए थे। हथियारों की व्यवस्था करने और उन्हें मुंबई पहुंचाने में कथित भूमिका के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के कुणाल (21) और सुमित (19) के अलावा उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) शामिल हैं।
हरियाणा से मुंबई तक फैले नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार, कुणाल और सुमित पर हथियार जुटाने और उनकी सप्लाई की व्यवस्था करने का आरोप है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि दोनों कथित तौर पर अनिल पंडित के संपर्क में थे, जिसकी लॉरेंस गैंग से जुड़े होने के पहलू की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि हथियार मुंबई पहुंचाने के लिए राधा और बबीता की मदद ली गई थी। दोनों 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं और दादर इलाके के एक होटल में ठहरी थीं। जांच के मुताबिक, उसी दिन एक नाबालिग लड़का राधा से बैग लेकर गया था। पुलिस को शक है कि बैग में फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल हो सकती थी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
रेहान की मां ने अमन को बताया मास्टरमाइंड
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी रेहान की मां शमशीदा ने एक मीडिया बातचीत में हरियाणा के गोहाना निवासी अमन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि अमन पूरे मामले का मास्टरमाइंड है और विदेश में मौजूद अनिल पंडित के संपर्क में रहकर काम करता है। अमन कम उम्र के लड़कों को अपने प्रभाव में लेता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमन ने जमानत दिलाने का भरोसा देकर उनसे ऑनलाइन 3,000 रुपये लिए थे। उनका यह भी कहना है कि जमानत के बाद अमन ने रेहान का मोबाइल अपने पास रख लिया, जिसके बाद परिवार का उससे संपर्क टूट गया। हालांकि, ये आरोप रेहान के परिवार की ओर से लगाए गए हैं। अमन की कथित भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि और मामले में उसकी कानूनी स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।
फायरिंग के बाद आरोपियों की आवाजाही की पड़ताल
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। इसके बाद आरोपियों को मुंबई से बाहर ले जाने की कथित योजना की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वारदात के बाद किन लोगों के बीच संपर्क हुआ और किसने किसे निर्देश दिए। इससे पहले बिहार के ऋतिक उर्फ रोशन और हरियाणा के रेहान समेत अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। पुलिस अब सभी आरोपियों के संपर्कों और कथित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है।
ऋतिक के मुंबई आने की कहानी भी जांच के दायरे में
बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के दोस्तों के अनुसार, वह करीब दो साल पहले मुंबई आया था और एक रेस्टोरेंट में काम करने लगा था। उसके पिता गांव में लिट्टी-चोखा की छोटी दुकान चलाते हैं। दोस्तों का कहना है कि ऋतिक परिवार की आर्थिक मदद करना चाहता था। पुलिस उसके संपर्कों और कथित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
अब हथियारों के स्रोत और साजिश पर नजर
वहीं, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस का मुख्य ध्यान हथियारों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और कथित साजिश पर है। जांच से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात की योजना किसने बनाई और अलग-अलग आरोपियों की क्या भूमिका थी। रेहान की मां द्वारा अमन को मास्टरमाइंड बताए जाने के दावे की पुष्टि होना बाकी है।


