जिस प्लास्टिक को कचरा समझकर फेंकते हैं, वर्जीनिया में उसी से बनी सड़क! जांच में सामने आई चौंकाने वाली बात
अमेरिका के वर्जीनिया में इंजीनियर्स ने रीसाइकिल प्लास्टिक और पुरानी सड़कों से निकाले गए डामर को मिलाकर छह स्टेट हाईवे पर परीक्षण किया। शुरुआती जांच में सभी हिस्से अच्छी स्थिति में मिले। हालांकि, तकनीक की लंबी अवधि की मजबूती जानने के लिए आगे निगरानी जरूरी है।

इंजीनियर्स ने कचड़ें से बनार्ई सड़क
Recycled Plastic Roads: प्लास्टिक कचरे को पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती माना जाता है, लेकिन अब इसी कचरे का इस्तेमाल सड़क निर्माण में नई संभावनाएं खोल रहा है। अमेरिका के वर्जीनिया में इंजीनियर्स ने रीसाइकिल प्लास्टिक और पुरानी सड़कों से निकाले गए डामर को मिलाकर छह स्टेट हाईवे पर परीक्षण किया। शुरुआती जांच में इन सभी हिस्सों की स्थिति अच्छी पाई गई है।
इस प्रयोग से उम्मीद जगी है कि प्लास्टिक कचरे और पुराने सड़क निर्माण सामग्री को दोबारा इस्तेमाल करके सड़क बनाने के नए तरीके विकसित किए जा सकते हैं। हालांकि, इस तकनीक की लंबी अवधि की मजबूती का पता लगाने के लिए अभी और निगरानी की जरूरत है।
सड़क की जांच में क्या मिला?
सूत्रों के मुताबिक, वर्जीनिया ट्रांसपोर्टेशन रिसर्च काउंसिल ने इन परीक्षण वाली सड़कों की स्थिति का आकलन किया। इसके लिए इन हिस्सों की तुलना आसपास मौजूद पारंपरिक तरीके से बनी सड़कों से की गई। शुरुआती निरीक्षण में सभी छह परीक्षण हिस्से अच्छी स्थिति में मिले। जांच के दौरान सड़क की सतह पर दिखाई देने वाली स्थिति को प्रमुखता से देखा गया। हालांकि, शुरुआती परिणामों के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि प्लास्टिक वाला मिश्रण हर परिस्थिति में सामान्य डामर से बेहतर साबित होगा।
40 फीसदी तक पुराने डामर का इस्तेमाल
बता दें, इस परियोजना का एक अहम पहलू पुरानी सड़कों से निकाली गई निर्माण सामग्री का दोबारा उपयोग करना था। कुछ परीक्षणों में पुराने डामर की मात्रा कुल मिश्रण का 40 फीसदी तक रखी गई। पुरानी सड़क से निकाले गए इस मटीरियल को RAP (Reclaimed Asphalt Pavement) कहा जाता है। सड़क की मरम्मत या दोबारा निर्माण के दौरान निकले इस डामर को प्रोसेस करके नए मिश्रण में शामिल किया जा सकता है। इस तरह पुराने मटीरियल को बेकार समझकर हटाने के बजाय निर्माण कार्य में फिर से उपयोग करने का रास्ता मिलता है।
प्लास्टिक और डामर का मिश्रण कैसे काम करता है?
जानकारी के अनुसार, सड़क बनाने के लिए प्लास्टिक को डामर में मिलाने के अलग-अलग तरीके अपनाए जा सकते हैं। सही तरीका प्लास्टिक के प्रकार, मिश्रण की बनावट और निर्माण प्रक्रिया पर निर्भर करता है। वर्जीनिया में किए गए परीक्षणों का मकसद यह समझना था कि ऐसे मिश्रण वास्तविक यातायात और मौसम की परिस्थितियों में कैसा प्रदर्शन करते हैं। शुरुआती नतीजे उत्साहजनक हैं, लेकिन सड़क की उम्र, टूट-फूट और अलग-अलग मौसम में इसके व्यवहार को समझने के लिए लंबे समय तक निगरानी जरूरी होगी।
प्लास्टिक कचरे के इस्तेमाल से क्या फायदा हो सकता है?
वहीं, अगर यह तकनीक लंबे समय तक प्रभावी साबित होती है, तो इसके कई संभावित फायदे हो सकते हैं। प्लास्टिक कचरे का उपयोग बढ़ सकता है, पुरानी सड़कों से निकली सामग्री को दोबारा काम में लाया जा सकता है और नए निर्माण के लिए संसाधनों की जरूरत कम करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल, वर्जीनिया का यह परीक्षण सड़क निर्माण में रीसाइक्लिंग की संभावनाओं की ओर इशारा करता है। इसकी वास्तविक उपयोगिता और मजबूती का अंतिम आकलन आगे मिलने वाले परिणामों के बाद ही किया जा सकेगा।




